{"vars":{"id": "115716:4925"}}

MP New: रूपा नदी में बाढ़, 4 कार और 2 ट्रैक्टर तिनके की तरह बहे, घरों में 5 फीट तक पानी; लोगों ने छत पर चढ़कर बचाई जान

 

MP News: मध्य प्रदेश राज्य के बड़वानी जिले में कल शनिवार को भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले के राजपुर में शनिवार सुबह करीब 4 बजे से तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब 6 बजे दो घंटे तक चला। तेज बारिश व आसपास के पहाड़ी क्षेत्र के पानी से रूपा नदी में बाढ़ आ गई। इसके कारण नगर के मुख्य चौराहों और कई लोगों के घरों में पानी घुस गए। चार कार व दो ट्रैक्टर ट्रॉली बह गई। बाढ़ के कारण नगर में लगे ट्रांसफार्मरों में पानी भर गया। इससे पूरे नगर की बिजली गुल रही है। बाढ़ जैसे हालात पर कई लोगों को सुरक्षित निकाला। नगर में बाढ़ का पानी भर जाने से अफरा तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पिछले दो दिनों से जिले में तेज बारिश हो रही है। शनिवार सुबह बारिश के बाद कुम्हार मोहल्ले वार्ड क्रमांक 9 के रहवासी क्षेत्र में पानी घुस गया। अचानक आई बाढ़ के कारण लोगों को समय भी नहीं मिल पाया। लोग अपना सामान बटोरते हुए नजर आए। राजपुर में महज 2 घंटे में 2 इंच पानी बरसा। जिले में पिछले 24 घंटे में 1.9 इंच औसत बारिश हुई। 50 से 60 फीट चौड़ी नदी ने विकराल रूप ले लिया था।

50-60 फीट चौड़ी नदी ने बाढ़ के बाद लिया विकराल रूप

व्यवसायी विनय ठक्कर ने बताया मैं सुबह अपनी होटल खोलकर काम कर रहा था, तभी अचानक नदी में बाढ़ आ गई। देखते ही देखते पानी बढ़ने लगा, जो दुकान के अंदर घुस गया। पानी बढ़ने पर में बाहर आ गया था लेकिन मेरे मजदूर वहीं पर फंस गए। पानी बढ़ने पर मजदूर दुकान की छत के ऊपर चढ़ गए। बाद में उन्हें रस्सी के सहारे से सुरक्षित बाहर निकल गया। लोगों ने बताया कि 50-60 फीट चौड़ी नदी ने बाढ़ के बाद विकराल रूप ले लिया। नगर पंचायत में पानी भर गया था। जवाहर चौक पर 10 फीट तक पानी रहा। घरों में 4-5 फीट तक पानी भर गया। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय अग्रवाल ने बताया अचानक नदी में आई बाढ़ से नगर में कई स्थानों पर पानी भर गया। कई लोगों की कार व बाइक के साथ लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें चार कार और दो ट्रैक्टर बहना बताया गया। इसके पहले 2006 में इतनी भयानक बाढ़ आई थी। उसके बाद 2025 में यह बाढ़ आई है।

24 घंटे में जिले में सबसे ज्यादा बारिश सेंधवा में हुई

पिछले 24 घंटे में जिले में तेज बारिश हुई है। जिसमें सबसे अधिक बारिश सेंधवा में 94.2 मिमी हुई है। इस दौरान जिले में पिछले 24 घंटे में बड़वानी में 66.0 मिमी, पाटी में 47.0 मिमी, अंजड़ में 5.2 मिमी, ठीकरी में 8.4 मिमी, राजपुर 49.0 मिमी, सेंधवा में 94.2 मिमी, चाचरियापाटी में 66.0 मिमी, वरला में 85.2 मिमी, पानसेमल में 25.4 मिमी तथा निवाली में 39.0 मिमी बारिश हुई। जिले की औसत बारिश आज तक 361.1 मिमी (14.2 इंच) दर्ज हुई है। जबकि पिछले साल औसत बारिश आज तक 490.5 मिमी (19.3 इंच) दर्ज हुई थी।