mp news: सीएम ने कहा इतने दिनों बाद लाडली बहनों की राशि 3000 करेंगे, अक्टूबर के बाद मिलेंगे 1500 रुपए
मध्य प्रदेश सरकार दीपावली पर लाडली बहन योजना की मासिक राशि 250 रुपए बढ़ाकर 1500 रुपए करने जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर में मीडिया से बातचीत में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में यह वादा किया था कि 5 वर्षों में लाड़ली बहनों को 3000 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे, जिसे सरकार डंके की चोट पर पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने
कहा कि 2028 तक यह राशि 3000 रुपए तक पहुंचा दी जाएगी। इस क्रम में पहली बढ़ोतरी दीपावली से होगी, जब हर बहन के खाते में 1500 रुपए प्रतिमाह पहुंचेंगे।
इससे पहले सरकार ने रक्षाबंधन पर भी 1250 रुपए की नियमित राशि के अतिरिक्त 250 रुपए 'नेग' के रूप में देने की घोषणा की है। रक्षाबंधन 9 अगस्त को और दीपावली 18 अक्टूबर को है। वर्ष 2024 में भी सरकार ने रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए नेग दिया था।
सरकार पर कितना और पड़ेगा भार
अभी योजना में 1250 रुपए प्रति बहन की दर से सरकार हर माह 1551.44 करोड़ रुपए का खर्च करती है। दिवाली से 1500 रुपए देने पर यह खर्च बढ़कर 1861.74 करोड़ रुपए प्रतिमाह हो जाएगा। यानी 250 रुपए की बढ़ोतरी से हर महीने 310.30 करोड़ रुपए का भार।
3000 रुपए प्रति महीने कैसे बढ़ेंगे
इस साल के अंत तक योजना की राशि 1500 रुपए होगी। अंतिम लक्ष्य 3000 रु. है। ऐसे में सरकार को 2028 तक हर वर्ष 500-500 रु. की बढ़ोतरी करनी होगी। इस पर विचार किया जा रहा है कि यह बढ़ोतरी हर साल दीपावली या रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर की जाए।
आज से पहले लाडली बहनों की राशि कब बढी
10 जून 2023 : योजना शुरू हुई। तब 1.32 करोड़ लाभार्थियों को 1000 रुपए प्रतिमाह।
अक्टूबर 2023 : विस चुनाव से पहले राशि बढ़ाकर 1250 रुपए की। तब लाभार्थी 1.32 करोड़।