शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस से मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
सागर,11 सितंबर(इ खबर टुडे)। बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से रवि लखेरा घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से रवि लखेरा फरार था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। बीती रात पुलिस टीम को उसके बरायठा क्षेत्र के जंगल में होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घोषित किया था 20 हजार का इनाम
घायल रवि लखेरा को शुक्रवार तड़के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पहले भी जहरीली शराब में सामने आ चुका है नाम
बंडा जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित रवि लखेरा पहले भी नकली शराब के मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुका है। उसका नाम मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री मामले में सामने आया था।
पुलिस पहले भी कर चुकी है आरोपी पर कार्रवाई
ललितपुर पुलिस ने उस समय कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की थी। जांच में सामने आया था कि गिरोह का संबंध मध्यप्रदेश में अवैध शराब की सप्लाई से भी था और रवि लखेरा का नाम इस नेटवर्क से जोड़ा गया था।
बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद सागर पुलिस ने अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की। जांच के दौरान रवि लखेरा, मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और शिवान्जय ठाकुर के नाम प्रमुख रूप से सामने आए। इसके बाद पुलिस ने रवि लखेरा और मनीष लोधी की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।