ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के गेट पर ट्रक ने 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत
ग्वालियर,18 अक्टूबर (इ खबर टुडे ) । शहर के चीनौर-नयागांव हाईवे स्थित शीतला माता मंदिर रोड पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक और वीभत्स हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहा धान से भरा अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालुओं को रौंदते हुए ढलान पर पलट गया।
इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की मौत और पचास से अधिक लोगों के ट्रक के नीचे दबने की खबर है। सुबह 4 बजे तक ट्रामा सेंटर पर एंबुलेंस से शव व घायलों को लाने का क्रम जारी रहा। घटना के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अनियंत्रित ट्रक श्रद्धालुओं पर कहर बनकर टूटा
शनिवार-रविवार की रात करीब 1.40 बजे एक भारी ट्रक अत्यंत तेज गति से शीतला माता मंदिर रोड की तरफ से गुजर रहा था। रोड की ढलान पर चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हुआ यह वाहन सड़क मार्ग पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं पर कहर बनकर टूटा और उन्हें कुचलते हुए पलट गया।
घटना की अचानक हुई इस भीषणता से आसपास के लोग दहल उठे। सूचना मिलते ही एसएसपी धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश बघेल समेत शहर के कई थानों का पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
मौके से नीचे दबे लोगों से गंभीर घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों की हालत को देखते हुए बिना एंबुलेंस के इंतजार कराए एक लोडिंग वाहन में डालकर तुरंत जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर रवाना किया गया। वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी कृणाल चौहान ने बताया कि मैं और मेरे साथी शीतला माता मंदिर पैदल जा रहे थे। अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और ट्रक जनता को रौंदता हुआ लोगों पर जा गिरा।
हादसे में 10 मृतकों की हुई पहचान
सत्येंद्र गुर्जर पुत्र जगदीश गुर्जर उमर 22 साल निवासी महलगांव ग्वालियर
सरला तोमर पत्नी राजेंद्र कुमार 50 साल निवासी हनुमान पहाड़ी राजीव नगर गुड़ा गुड़ी का नाका ग्वालियर
गौरव परिहार पुत्र कमलेश परिहार उमर 18 साल निवासी बड़ा गांव खुरेरी ग्वालियर
महेश शर्मा पुत्र मातादीन शर्मा उम्र 45 साल निवासी सहसराम गसवानी श्योपुर
विमलेश पुत्र बबलू बघेल उमर 18 साल निवासी महागावरा थाना सीहोर जिला शिवपुरी
देवेश बघेल पुत्र हरि सिंह बघेल उमर 17 साल निवासी मावटा थाना भितरवार
प्रिंस उर्फ छोटू जाटव पुत्र संतोष जाटव उम्र 16 साल निवासी चौहान प्याऊ गल्ला कोठार
शौर्य शर्मा पुत्र संजय शर्मा उम्र 15 साल निवासी सहसराम गोस्वामी शिवपुरी
हेमंत राठौड़ पुत्र जबर सिंह राठौड़ उमर 21 साल निवासी यादव धर्म कांटा हजीरा ग्वालियर
दिव्यांश पुत्र अशोक कुशवाहा उमर 16 साल निवासी महेशपुरा सिकंदर कंपू ग्वालियर
सीएम मोहन यादव ने किया मुआवजे का एलान
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक्स पर लिखा कि ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। मंत्री एदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं।
बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, लगाया जाम
घटनास्थल पर इस भयानक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों और अन्य श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और नो-एंट्री के नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन ऐसे खतरे मंडराते रहते हैं।