गणेशोत्सव इस बार 10 दिन का, आज को पूजन और खरीदारी का विशेष महत्व
Chhatarpur News: इस बार गणेशोत्सव 27 अगस्त से शुरू होकर 10 दिन चलेगा। नगर और कस्बों में गणपति की स्थापना की तैयारियां चल रही हैं। मूर्तिकार आकर्षक प्रतिमाएं बना रहे हैं। इस बार गणेश चतुर्थी बुधवार को है, जो तीन साल बाद बना संयोग है। चित्रा नक्षत्र, शुभ और शुक्ल योग में गणपति पूजन विशेष फलदायी माना जाता है। यह स्वयं सिद्ध अबूझ मुहूर्त भी है, जिसमें गृह प्रवेश, भवन निर्माण, व्यापार, भूमि, आभूषण और वाहन खरीदना शुभ रहेगा।
मूर्तिकार गणेश प्रजापति 16 साल से संत शरीर आश्रम परिसर में मिट्टी की प्रतिमाएं बना रहे हैं। इस बार उन्होंने 40 से अधिक प्रतिमाएं तैयार की हैं। वे ईशानगर के पास की खदान से मिट्टी लाते हैं। जून के अंतिम सप्ताह से निर्माण शुरू करते हैं पहले लकड़ी और बांस से ढांचा, फिर घास से आकार, फिर मिट्टी का लेपन, अंत में चेहरा और रंगाई व वस्त्र।
शहर के गणेश मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे, छप्पन भोग अर्पित होंगे और रोज धार्मिक कार्यक्रम होंगे। पंडितों के अनुसार, इस बार आभूषण और वाहन खरीदना श्रेष्ठ रहेगा। प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य रूप से महाराष्ट्रीयन मार्ग, बस स्टैंड नंबर 1 और महल तिराहा पर प्रतिमाएं स्थापित होंगी। यहां प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि महाराष्ट्रीयन समाज अपने पारंपरिक तरीके से उत्सव मनाएगा।