MP में 460 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 752G पर बनेगी चार नए बाईपास, सड़क का होगा चौड़ीकरण, ट्रैफिक से मिलेगी निजात
MP News: मध्य प्रदेश राज्य में सरकार जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग 752जी पर चार नए बाईपास का निर्माण करने जा रही है। इस हाइवे पर नए बाईपास का निर्माण और सड़क का चौड़ीकरण होने के बाद वाहनचालकों को ट्रैफिक से निजात मिलेगी। मध्यप्रदेश राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग-752जी के सेंधवा से खेतिया तक के हिस्से में सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। वहीं इस मार्ग पर बसे चार नगर व शहरों से बायपास भी बनाए जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार के राशि स्वीकृत करने के बाद टेंडर और बायपास के लिए भूअर्जन की प्रक्रिया जारी है। इसके पूर्ण होने के बाद काम शुरू होगा। इसमें करीब छह माह का समय लग सकता है। सड़क निर्माण की समय सीमा दो वर्ष है। है।
सेंधवा खेतिया तक 57 किमी मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा दिए जाने के बाद आठ साल पहले मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) ने इस पर सड़क का निर्माण कराया था। सड़क की चौड़ाई सात मीटर है। तीन साल से सड़क पीडब्ल्यूडी एनएच के अंतर्गत है। विभाग ही इसका रखरखाव कर रहा है। सड़क कई जगह खराब हो चुकी है। हाईवे के निर्माण के बाद ट्रेफिक बढ़ गया है। हादसों की संख्या भी बढ़ गई है। ऐसे में सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही नगरीय क्षेत्रों से बायपास बनाने की मांग की जा रही थी। डीपीआर बनाई गई। केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग सेंधवा से खेतिया तक पक्की सड़क के साथ टू लेन में बदलने और पुनर्वासित करने के लिए राशि देने के लिए 617 करोड़ रुपए स्वीकृति किए। इसके बाद सेंधवा से खेतिया तक 55 किमी तक टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। 460 करोड़ की लागत से 55 किमी सड़क व बायपास का निर्माण किया जाएगा।
शामिल नहीं है मौसम चौराहा स्थित पुलिया
सेंधवा खेतिया हाईवे पर सेंधवा के मौसम चौराह्य स्थित पुलिया वर्षों पुरानी है और संकरी है। इससे यहां जाम की स्थिति बनती रहती है। आठ वर्ष पहले स्टेट हाईवे के निर्माण के दौरान इस पुलिया को छोड़ दिया गया। ऐसे में नया पुलिया बनाने की मांग रहवासियों द्वारा की जा रही है। नगर पालिका ने भी इसकी चौड़ाई बढ़ाने के लिए इस्टीमेट बनवाया था। अब जब स्टेट हाईवे का नवीनीकरण कर चौड़ाई बढ़ाई जा रही है तो इस काम के साथ मौसम चौराहे पर पुराने पुलिया की जगह नया पुलिया बनाया जाना चाहिए।
कराया गया था ट्रैफिक सर्वे
पीडब्ल्यूडी एनएच ने सेंधवा-खेतिया स्टेट हाइवे पर एक साल पहले सेंधवा से खेतिया तक ट्रैफिक सर्वे करवाया था। निजी कंपनी ने सर्वे किया था। इसमें मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के प्रकार और संख्या का आकलन किया था। इस मार्ग पर ट्रैफिक को देखते हुए सड़क की चौड़ाई बढ़ाने सहित बाइपास का निर्णय लिया गया।
आवागमन सुलभ होने के साथ बढ़ेगा व्यापार
सड़क की चौड़ाई बढ़कर 10 मीटर हो जाएगी। साथ ही बायपास बनने से मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच अंतरराज्यीय संपर्क में सुधार होगा। यह सड़क सीधे आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से जुड़ी हुई है जो निवाली, पानसेमल और खेतिया से इंदौर शहर की संपर्कता में सुधार करेगी। बड़वानी जिले के सेंधवा, निवाली, पानसेमल और खेतिया से गुजरने वाली परियोजना सड़क क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी। इसकी स्वीकृति आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र को बड़ी सौगात होकर क्षेत्र का विकास भी होगा। यह मार्ग मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र राज्य के साथ गुजरात को भी जोड़ता है। वहीं इस मार्ग पर लगातार ट्रैफिक बढ़ता जा रहा है। व्यस्ततम मार्ग मार्ग होने से आए दिन दुर्घटना घटित होती रहती है। मार्ग का चौड़ीकरण होने से आवागमन सुलभ होकर क्षेत्र का विकास होकर व्यापार व्यवसाय भी बढ़ेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग के सेंधवा से खेतिया के हिस्से में सड़क की चौड़ाई बढ़ाने व बायपास बनाने के लिए भूअर्जन और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू होगा। काम शुरू होने में कम से कम छह महीने लग सकते हैं।-अविनाश सोनी, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी एनएच, खरगोन