{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Chhatarpur News: किसानों को नहीं मिल रहा योजनाओ का लाभ 

 

Chhatarpur News: अपने खेतों में पिछले डेढ़ साल से सोलर पंप की राह देख रहे मध्य प्रदेश के किसानों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम योजना) के तहत आने वाले 15 दिनों में खेतों में 52 हजार सोलर पंप इंस्टॉल होंगे। सरकार ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है।

हालांकि इसमें लाभपूर्व में आवेदन कर चुके पात्र 52 हजार किसानों को मिलेगा। बता दें कि वर्ष 2023 के बाद प्रदेश में एक भी सोलर पंप इंस्टॉल नहीं हुआ है। 2020 से 2023 तक पूरे प्रदेश से सोलर पंप के लिए कुल 59,400 आवेदन आए, लेकिन सिर्फ 6,896 किसानों को ही कनेक्शन मिल सका। बाकी 52,504 किसान आज भी अपने खेतों में सोलर पंप के लिए इंतजार कर रहे हैं।

बजट की कमी से योजना हुई ठप: योजना की शुरुआत 2020 में हुई थी और चार साल में पूरे प्रदेश में सिर्फ 6,896 सोलर पंप ही लग पाए। इनमें से भी 94% कनेक्शन पहले दो वर्षों में दे दिए गए। इसकेबाद बजट की कमी से योजना लगभग ठप हो गई। 2020 में योजना के पहले साल 3,799 और 2021 में 2,700 किसानों को सोलर पंप मिले। लेकिन 2022 में यह आंकड़ा घटकर सिर्फ 316 और 2023 में 81 रह गया। 2023 के बाद से डेढ़ साल बीत चुके हैं, लेकिन एक भी नया सोलर पंप इंस्टॉल नहीं हुआ है।

2023 में सिर्फ 81 को मिला सोलर पंपः पूरे प्रदेश में सिर्फ 81 किसानों को सोलर पंप मिला। भिंड, शहडोल और उमरिया में सिर्फ 1-1 पंप लगे, जबकि बालाघाट और भोपाल में 2-2, छतरपुर, डिंडोरी, ग्वालियर, सीहोर और विदिशा में 3-3 पंप इंस्टॉल हुए। सागर में 4, रायसेन में 7, दमोह में 9, और खरगोन व शिवपुरी में 11-11 पंप ही दिए गए। प्रदेश के अधिकांश जिलों में 2022 के बाद से ही एक भी सोलर पंप नहीं मिला है।

अब किसानों के पास 10 एचपी के सोलर पंप तक का विकल्प

इस योजना के तहत अब किसानों को पहले से ज्यादा शक्तिशाली मोटर का विकल्प मिलेगा। पहले केवल 2 से 5 हॉर्सपावर (एचपी) के पंप लगते थे, जो पानी की गहराई अधिक होने पर काम नहीं करते थे। अब किसानों को 7.5 से 10 एचपी तक के सोलर पंप का विकल्प मिलेगा, जो 350 से 500 फीट तक की गहराई से भी पानी खींच सकेंगे। हालांकि पहले मौका डेढ़ साल पहले अपना पंजीयन करा चुके पात्र किसानों को ही मिलेगा।

सोलर पंप इंस्टॉल कर देंगे

पहले से रजिस्टर्ड पात्र किसानों को लाभमिलेगा। हम 15 दिन या उससे पहले ही करीब 52 हजार सोलर पंप इंस्टॉल कर देंगे। - वंदना चटर्जी, प्रोजेक्ट इंचार्ज