{"vars":{"id": "115716:4925"}}

लिंबी गांव में वनों की 27 प्रकार की भाजियों की प्रदर्शनी आयोजित

 

Barwani News: बड़वानी के पाटी विकासखंड के लिंबी गांव में वनभाजी उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 350 पुरुष और महिलाएं शामिल हुए। करीब 100 महिलाओं ने वनों में उगने वाली कुल 27 प्रकार की भाजियों को प्रदर्शित किया। ग्रामीणों के लिए यह जानना आश्चर्यजनक था कि उनके ही गांव में इतनी विविध वन भाजियां उपलब्ध हैं। प्रदर्शनी में जड़भूजलिए, विभिन्न घाट और मिलेट से बने व्यंजन शामिल थे। महिलाओं ने अलग-अलग ऋतुओं में मिलने वाले पौधों और मिलेट्स के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के आयोजक महाराष्ट्र निवासी वैज्ञानिक और एनएमआई एमएस विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सौरभ मारू थे। उन्होंने बताया कि जंगलों में उगने वाली यह भाजियां पोषण से भरपूर होती हैं और आदिवासी समाज विशेषकर महिलाओं को इनका गहन ज्ञान है। यह पूरी तरह ऑर्गेनिक, केमिकल रहित और उच्च उपजाऊ भूमि की पैदावार होती हैं। इसमें प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और कार्बोहाइड्रेट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इस ज्ञान की नई पीढ़ी तक पहुँच कम होने के कारण अब इसका उपयोग घट गया है।

प्रोफेसर मारू इस विषय पर शोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन आदिवासी क्षेत्रों में वन संवर्धन, पोषण, स्वास्थ्य और जीविकोपार्जन जैसी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय आदिवासी डॉक्टरों की टीम, ग्राम पंचायत के सदस्य, सरपंच और ग्रामीणों का सहयोग रहा। उन्होंने वन भाजियों के ज्ञान की छोटी पुस्तक भी तैयार कर गांव में वितरित की। इसके अलावा निःशुल्क सिकलसेल टेस्ट और दवाइयों का वितरण भी किया गया।