देशगांव-रुधि में फोरलेन प्रोजेक्ट में देरी, अब मार्च 2026 तक होगा पूरा
MP News: देशगांव-रुधि फोरलेन हाईवे के निर्माण में देरी से आम लोगों को इसका लाभ अब मार्च 2026 में मिलेगा। पहले इसे अक्टूबर 2025 तक पूरा किया जाना था, लेकिन वन और रेलवे विभाग से जरूरी मंजूरी मिलने में देर होने से काम पिछड़ गया।
दरअसल, फोरलेन के रास्ते में 4 किलोमीटर जंगल क्षेत्र आता है। इस हिस्से पर सड़क निर्माण की मंजूरी वन विभाग ने करीब डेढ़ साल बाद जनवरी 2025 में दी। इससे पहले जंगल क्षेत्र में निर्माण शुरू नहीं हो सका।
इसके अलावा रेलवे विभाग से भी समय पर स्वीकृति नहीं मिली। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत अजंटी के पास बनने वाले आरओबी को फरवरी 2025 में और पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल से मथेला आरओबी को अक्टूबर 2024 में मंजूरी मिली।
234 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फोरलेन की कुल लंबाई 28.60 किमी है। इसका काम 6 अक्टूबर 2023 से शुरू हुआ था और डेडलाइन 24 महीने यानी अक्टूबर 2025 तय की गई थी। अभी तक 12 किमी सड़क का डामरीकरण पूरा हो चुका है।फोरलेन के तहत 4 माइनर ब्रिज, 13 अंडर पास, 66 कलवर्ट और दो आरओबी बनाए जा रहे हैं। निर्माण ग्रीनफील्ड एलाइनमेंट पर हो रहा है।