MP के इस जिले में छीपानेर उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शुरू
MP News: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसर के अंतर्गत आने वाले पांच उप स्वास्थ्य केंद्रों में छीपानेर का भवन अब तक नहीं बन सका था। करीब पांच साल पहले विकासखंड में तीन नवीन उप स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति मिली थी, जिनमें मन्याखेड़ी, लोधीढ़ाना और छीपानेर शामिल थे। लेकिन छीपानेर में जगह के अभाव के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
ग्रामीण लंबे समय से इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे। गांव की महिला अनुसुइया पति स्व. हरनाथ गाडरी ने बड़ी पहल करते हुए भवन निर्माण के लिए 12 डिसमिल जमीन दान दी। उनके इस योगदान से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण संभव हो सका। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भवन का निर्माण 64 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। वर्तमान में कार्य प्रगति पर है और जल्द ही भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसर के अंतर्गत पांच उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित होते हैं। इसमें नौसर, करताना, तजपुरा, नयागांव और छीपानेर शामिल हैं। यहां प्रत्येक केंद्र पर एक सीएचओ और एक एएनएम की नियुक्ति रहती है। वर्तमान में नौसर, तजपुरा, नयागांव और करताना में स्वास्थ्यकर्मी तैनात हैं। भवन तैयार होते ही छीपानेर में भी स्वास्थ्य स्टाफ की नियुक्ति हो जाएगी।
फिलहाल ग्रामीण इलाज के लिए नौसर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या अन्य बड़े केंद्रों पर पहुंचने को मजबूर हैं। डॉक्टर केसरी प्रसाद और डॉक्टर जितेंद्र यहां मरीजों का इलाज कर रहे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए नौसर पहुंचते हैं। बाजनिया, पोखरनी, रूदलाय, गुल्लास, गोडड़ी, गाडामोड़, गंगेश्वरी, बिलौद, जलोदा समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग यहां उपचार के लिए आते हैं। छीपानेर में भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद गांव सहित आसपास के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उनके ही गांव में मिलने लगेगा। यह ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।