कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव: बाढ़ पीड़ितों और किसानों के लिए न्याय की मांग
Guna News: गुरुवार को कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट का घेराव किया और बाढ़ पीड़ितों, किसानों और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जयवर्धन सिंह के जिलाध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला बड़ा प्रदर्शन था, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरने के बाद जयवर्धन सिंह बुलेट पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों को चेहरे देखकर मुआवजा दिया गया और खाद वितरण में भाजपा नेताओं ने दलाली की। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, वोट चोरी और जनता के हितों की अनदेखी का भी आरोप लगाया।
ज्ञापन में बाढ़ पीड़ितों को न्याय दिलाने, किसानों की फसल का मुआवजा देने, फसल बीमा की राशि दिलाने और गोमाता की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे शामिल थे। जयवर्धन सिंह ने चेतावनी दी कि भाजपा की तानाशाही और भ्रष्टाचार को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर भी संघर्ष करेगी।
उन्होंने बताया कि कमलनाथ सरकार के दौरान गांव-गांव गौशाला खोलने की योजना शुरू की गई थी, जिसे भाजपा ने बंद कर दिया। अगर भाजपा वास्तव में गाय हितैषी है तो इस योजना को पुनः शुरू किया जाना चाहिए।
जयवर्धन सिंह ने बाढ़ प्रभावितों के साथ किए दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बमौरी और गुना का दौरा कर पीड़ितों की मदद की। वहीं भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्री सिंधिया की अनदेखी से बाढ़ प्रभावितों को सही समय पर सहायता नहीं मिल पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता बमौरी पहुंचे तो मंत्री केवल अपने पीए के माध्यम से दौरा कर गए।
प्रदर्शन में गुना के अलावा आरोन, राघौगढ़, बीनागंज, चांचौड़ा, मधुसूदनगढ़, बमौरी, कुंभराज और म्याना तहसीलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। जयवर्धन सिंह ने सभी को संबोधित कर न्याय दिलाने और किसानों व ग्रामीणों के हितों की रक्षा करने का संकल्प दिलाया।