{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 पीएम आवास की किश्त के बदले ली थी रिश्वत

 रिश्वतखोर सहायक सचिव के खिलाफ कोर्ट में चालान प्रस्तुत
 
 

आगर मालवा, 08अप्रैल(इ खबर टुडे)। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत पिपल्या घाटा के आरोपी सहायक सचिव के विरुद्ध विशेष न्यायालय में अभियोग पत्र (चालान) पेश कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में ग्राम पंचायत पिपल्या घाटा (तहसील बड़ोद) के सहायक सचिव हेमराज मेवाड़ा ने फरियादी गोवर्धन सिंह सोंधिया से प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त जारी करने के बदले 7,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर 1 दिसंबर 2022 को आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

​त्वरित निराकरण के निर्देश
पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त भोपाल द्वारा भ्रष्टाचार के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए दिए गए निर्देशों के पालन में, उज्जैन लोकायुक्त इकाई ने जांच पूरी करते हुए आज बुधवार को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) आगर मालवा में चालान प्रस्तुत किया। कोर्ट ने उक्त मामले को प्रकरण क्रमांक SCLOK-01/2026 पर दर्ज कर लिया है। अब इस मामले में न्यायिक ट्रायल शुरू होगा।