{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Barwani News: प्रजा के साथ न्याय व कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहती थीं अहिल्याबाई

 

Barwani News: लोक माता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य पर प्रदेश में जनकल्याणी पर्व मनाया जा रहा है। इसी के तहत वीर बलिदानी टंट्या मामा शासकीय कॉलेज बलवाड़ी में देवी अहिल्याबाई के जीवन और दर्शन विषय पर चित्रकला, निबंध व भाषण प्रतियोगिता और कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्राचार्य सुभाष सोलंकी ने कहा कि लोक माता देवी अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की एक प्रमुख महिला शासक थीं। जिन्हें मालवा में होलकर राजवंश की शासक के रूप में उनके नेतृत्व, परोपकार और कुशल प्रशासन के लिए जाना जाता है। उन्होंने 1767 से 1795 तक शासन किया और समाज में न्याय, कल्याणकारी नीतियां, महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिलाने व महिला सशक्तिकरण के लिए प्रयास किए।

उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए कई मंदिर, धर्मशालाएं, घाट, कुओं बावड़ियों का निर्माण कराया। वे अपनी प्रजा की भलाई, उनके साथ न्याय और उनके कल्याण के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहती थी। प्रो. राजेंद्र चौहान ने भी देवी अहिल्याबाई के जीवन परिचय के बारे में बताते हुए उनके द्वारा किए गए समाज कल्याण कार्य और उनके योगदान के बारे में बताया।

प्रशासनिक अधिकारी प्रो. सोनी सोलंकी ने रानी अहिल्याबाई के सैन्य कौशल उनकी आर्थिक नीतियां और उनके द्वारा बनवाए गए प्रसिद्ध मंदिरों की जानकारी देकर उनके आदशों को आत्मसात करने की बात कही। चित्रकला में बुसरा कुरैशी, निबंध में साक्षी तरोले, भाषण प्रतियोगिता में लक्ष्मी पंवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर खेल अधिकारी नागेंद्र वर्मा, प्रो. मुकेश गिराशे, नवनीत पाटिल, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।