फ्रेंडशिप डे से पहले महिलाओं ने गीतों और गेम्स के साथ निभाई दोस्ती
Shivpuri News: शिवपुरी में फ्रेंडशिप डे से पहले सहेली ग्रुप की महिलाओं ने दोस्ती को समर्पित एक खास आयोजन किया। कार्यक्रम की थीम "ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे" थी, जिसे फिल्मी गीतों, गेम्स और विचार साझा कर जीवंत किया गया। महिलाएं पारंपरिक अंदाज में सज-धज कर पहुंचीं और एक-दूसरे को फ्रेंडशिप बैंड बांधकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
आयोजन संस्था की वरिष्ठ सदस्य बबीता-विवेक अग्रवाल के निवास पर हुआ। पंक्चुएलिटी गेम, क्विज़ और अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। इस बार समय पर पहुंचने वाली तीन महिलाओं को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रुचि जैन और भारती जैन ने किया, जबकि आभार बबीता अग्रवाल ने जताया।
कार्यक्रम के दौरान मित्रता पर विचार साझा किए गए। अंजना सुधाश्री ने कहा कि सच्ची सहेली वही होती है जिससे हर सुख-दुख बांटा जा सके। ज्योति आमोल ने भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण दिया। बबीता पत्तेवाली ने कहा कि सच्चा दोस्त सुख-दुख में साथ निभाता है, वही असली मित्रता है। वहीं रेखा पंचरल और सिम्मी माणिक ने फिल्मों के उदाहरण देते हुए दोस्ती को निभाने के महत्व को बताया। इस आयोजन ने साबित किया कि दोस्ती सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि भरोसे, समर्थन और भावनात्मक जुड़ाव का नाम है।