{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Damoh News: अस्पताल की गैलरी में व्हीलचेयर पर हुई महिला की डिलीवरी

 

Damoh News: सिविल अस्पताल के मातृ एवं शिशु विभाग में लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। मुख्य गेट पर रात में ताला लगे होने के कारण चार दिन में दूसरी बार प्रसव गैलरी में हुआ। जानकारी के अनुसार गंगा झिरिया निवासी 26 वर्षीय प्रियंका पति वीरेंद्र वर्मन को सुबह 6 बजे प्रसव पीड़ा हुई। वे अपने पति के साथ सिविल अस्पताल पहुंचीं, लेकिन मातृ एवं शिशु विभाग के मुख्य गेट का ताला लगा था।

वीरेंद्र ने दरवाजा खुलवाने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार वह मुख्य गेट से अपनी पत्नी को व्हीलचेयर पर बैठाकर लेबर रूम की ओर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रियंका को तीव्र पीड़ा होने लगी और गैलरी में ही व्हीलचेयर पर बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद अत्यधिक पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां जच्चा-बच्चा स्वस्थ है।गर्भवती महिला के पति वीरेंद्र ने बताया कि सुबह छह बजे लेबर रूम के गेट का ताला लगा था जब मुख्य गेट से व्हील चेयर से पत्नी को ले जा रहे थे तभी गैलरी में बच्चे ने जन्म दे दिया। गनीमत रही कि मेरे हाथ पर ही जन्म हो गया।अस्पताल में कोई भी गेट पर नहीं मिला। जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से मनमाने ढंग से सिविल अस्पताल का संचालन किया जा रहा है।बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल का कहना है कि रात में सुरक्षा की दृष्टि से गेट का ताला लगा दिया जाता है यदि इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं तो कोई व्यवस्था की जाएगी ताकि महिलाओं को समस्या का सामना न करना पड़े।