बिना हेलमेट भाजयुमो नेता को रोकने पर भारी बवाल; भाजपाइयों ने घेरा कमिश्नर दफ्तर, हटाए गए ट्रैफिक टीआई
भोपाल,24 जून (इ खबर टुडे ) । राजधानी भोपाल के कंट्रोल रूम तिराहे पर मंगलवार सुबह उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता को बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर रोक लिया गया।
इसके बाद मौके पर पहुंचे दर्जनों कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ सड़क पर चक्काजाम जैसी स्थिति पैदा कर दी, बल्कि पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव भी किया। मामले के तूल पकड़ते ही प्रशासन ने देर रात एमपी नगर में पदस्थ ट्रैफिक टीआई को पद से हटा दिया है।
हेलमेट पर टोकने पर बुलाई 50 लोगों की भीड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सौरभ खटीक मंगलवार सुबह बिना हेलमेट के अपने दोपहिया वाहन से गुजर रहे थे। कंट्रोल रूम तिराहे पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिस ने जब उन्हें रोका, तो बात बढ़ गई।
सड़क पर धरना: बहस बढ़ते ही सौरभ खटीक ने अपने मित्रों और कार्यकर्ताओं को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते 50 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता वहां जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए।
लगे बदसलूकी के आरोप: भाजपा नेताओं का आरोप था कि ट्रैफिक टीआई इरशाद अली खान ने सौरभ खटीक के साथ बदसलूकी की और बीच-बचाव करने आए एमपी नगर मंडल अध्यक्ष निर्भय धाकड़ की 'नेतागिरी खत्म करने' की धमकी दी।
हॉल पर रोकने की कोशिश नाकाम, कमिश्नर दफ्तर का घेराव
सड़क पर प्रदर्शन के बाद नाराज कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। जहांगीराबाद एसीपी बिट्टू शर्मा ने मंटो हॉल के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वे सुरक्षा घेरा पार कर कमिश्नर कार्यालय पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने टीआई पर अवैध वसूली और अभद्रता के आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।