{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Ratlam News: रतलाम में लगातार बढ़ता क्राइम बना चिंता का विषय, पुलिस हुई मुस्तैद

 

Ratlam news: रतलाम में इन दोनों क्राइम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय लोगों के लिए क्राइम में हो रही लगातार बढ़ोतरी अब चिंता का विषय बनती जा रही है। जिले में लगातार हो रही क्राइम की घटनाओं को देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद हो गई है। पाठकों को बता दें कि ढोढर माननखेड़ा पुलिस ने शनिवार को बाइक चोरी करने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की। बता दें कि कमलेश सूर्यवंशी निवासी पिपलौदी बाइक को पिपलियाजोधा रोड खड़ी कर दुकान पर सामान लेने गया था। लौटकर देखा तो बाइक नहीं मिली।

इसकी शिकायत थाने पर की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के उपरांत आसपास राहगीरों से पूछताछ की। संदेह के आधार पर किशोर बागरी निवासी पिपलियाजोधा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में किशोर ने बाइक चोरी करना कबूला। बाइक को हायर सेकंडरी स्कूल के पीछे नाले से बरामद किया। साथ ही अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।

45 वर्षीय व्यक्ति ने लगाई फांसी, मौत

जावरा महेंद्रनगर में एक व्यक्ति ने छत पर फांसी लगा ली। जानकारी के अनुसार महेंद्रनगर निवासी अमजद पिता भूरू खां (45) घर पर अकेले थे। उन्होंने अपने ही घर की छत पर लगे सीमेंट के सरिये पर फंदा बनाया और फांसी लगा ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। जहां पुलिस ने मृतक का पीएम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मिनीपुरा निवासी एक 17 वर्षीय शीबा बी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और जिला अस्पताल रेफर किया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग किया है।

मुरम खनन करती पोकलेन मशीन जब्त

ताल मुरम का अवैध खनन तो रहा है लेकिन प्रशासन उन तक पहुंच नहीं बना पा रहा है। हाल ही में गांव खेरजमुनिया में मुरम खनन की सूचना पर प्रशासन पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा। जहां खनन कर रही पोकलेन मशीन को जब्त कर थाने खड़ा करवाया। तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया सूचना पर कार्रवाई की। पंचनामा बनाया। हालांकि चालक मौके से भाग गया था। अब तक कितना खनन हो चुका है, इसका पता लगाया जा रहा है।