Neemuch news: नीमच के 465 गांव को मिली बड़ी सौगात, किसानों को सिंचाई हेतु मिलेगा गांधीसागर का पानी
Neemuch news: नीमच जिले के 465 गांव को सरकार ने बड़ी सौगात दी है। सरकार जिले में बड़े स्तर पर विभिन्न गांवों के किसानों को गांधी सागर बांध का पानी सिंचाई हेतु उपलब्ध करवाने की तैयारी कर रही है। मनासा सिंचाई परियोजना के बाद जल्द ही नीमच व जावद सिंचाई परियोजना का काम शुरू होगा। इसके लिए शासन ने बजट में विभाग को 75 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। शासन ने 20 दिन पहले 3500 करोड़ की सिंचाई परियोजना के टेंडर भी लगा दिए हैं। जिम्मेदारों के अनुसार 1-2 माह में टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जल्द काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए शासन ने प्रथम किश्त के रूप में 75 करोड़ रुपए दे दिए हैं। इससे साल भर निर्माण कार्य जारी रहेगा। अगले वर्ष बजट में पूरी राशि मिल जाएगी।
वर्तमान में पहले से मनासा विस क्षेत्र में 1208 करोड़ की लागत से 67186 हेक्टेयर जमीन सिंचाई योजना पर कार्य चल रहा है। नई योजना में नीमच जावद विधानसभा की करीब 108600 हेक्टेयर जमीन को सिंचित किया जाएगा। इसके लिए 10 हजार किमी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। गांधीसागर बांध बनने के 64 साल बाद भी जिले को उसका लाभ नहीं मिल रहा है।
वर्तमान में 1208 करोड़ की लागत से मनासा सिंचाई परियोजना पर काम किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 5 हजार किमी लाइन डाली जा रही है। इससे मनासा विधानसभा में 65 हजार 400 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। मनासा सिंचाई परियोजना का निर्माण एक साल में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ अब नीमच व जावद विधानसभा के किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए योजना पर तेजी से कार्य शुरू हो गया है।
शासन स्तर से 3500 करोड़ की सिंचाई परियोजना के टेंडर बुलाए गए हैं। वहीं शासन ने जल संसाधन विभाग को प्रथम किश्त के रूप में 75 करोड़ आवंटित कर दिए है। योजना के अंतर्गत रामपुरा व आंतरी में इंटकवेल बनाकर पंप हाऊस के माध्यम से गांधीसागर के पानी को लिफ्ट किया जाएगा। ड्रिप इरिगेशन के माध्यम से नीमच, जादव एवं मनासा क्षेत्र के बाकी रहे गांवों को सिंचाई लिए पानी दिया जाएगा। इस योजना में जिले के 465 गांवों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
10 हजार किमी से अधिक डलेगी पाइप लाइन
नीमच-जावद सिंचाई परियोजना के अंतर्गत गांधीसागर से जिले के 465 गांव में 3 से 1 मीटर चौड़े स्टील पाइप की 10 किमी लाइन बिछाई जाएगी। सिंचाई परियोजना को संचालित करने के लिए 100 मेगावॉट बिजली की आवश्यकता होगी। इसमें एक 60 व 40 मेगावॉट के इंटकवेल बनाए जाएंगे। सिंचाई परियोजना के पूरा होने पर 1 लाख 8 हजार 600 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। इस तरह दोनों सिंचाई परियोजना के पूरा होने पर जिले की 1.87 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी।
जल्दकाम शुरू किया जाएगा काम
विमल श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री, नीमच ने बताया कि नीमच जावद सिंचाई परियोजना के शासन स्तर से टेंडर के लिए विज्ञप्ति तैयार कर टेंडर कॉल कर दिए गए हैं। जल्द ही शासन से टेंडर की जानकारी मिलेगी। इसके साथ योजना का कार्य शुरू करने के लिए शासन ने प्रथम किश्त के रूप में 75 करोड़ रुपए आवंटित कर दिए हैं। टेंडर होने के बाद राशि का आवंटन होगा। जल्द ही सिंचाई योजना का काम शुरू किया जाएगा।