{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Neemuch: नीमच मंडी में बनेंगे 2 शेड, किसान विश्राम गृह, औषधीय पार्क, करोड़ों रुपए होंगे खर्च

 

Neemuch news: नीमच में डूंगलावदा-चंगेरा स्थित नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में 2 चरणों में 248 भूखंडों की नीलामी हुई। इससे मंडी प्रशासन को 60 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ। अब इस राशि से मंडी परिसर में किसान विश्राम गृह, नीलामी के लिए 2 नए शेड, औषधीय पार्क सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार मंडी परिसर के पास औषधीय मंडी निर्माण की योजना भी है।

मंडी सचिव उमेश शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में नीलामी की प्रक्रिया पूर्ण की। पहले चरण में 26 एवं 27 मार्च को 157 भूखंडों की बोली लगाई गई। इनकी नीलामी बोली (अपसेट वैल्यू) 2 करोड़ 45 लाख 70 हजार 500 रखी गई थी।

इसके बदले 34 करोड़ 75 लाख 27 हजार प्राप्त हुए। जो अपसेट वैल्यू से लगभग 1414 गुना अधिक है। दूसरे चरण में 28 अप्रैल को 91 भूखंडों की नीलामी हुई। इसकी नीलामी बोली 2 करोड़ 56 लाख 65 हजार रखी गई थी। इसके बदले 25 करोड़ 43 लाख 51 हजार रुपए प्राप्त हुए। 

अपसेट वैल्यू से लगभग 991 गुना ज्यादा है। इस प्रकार 2 चरणों में 248 भूखंडों की नीलामी बोली 5 करोड़ 2 लाख 35 हजार 500 के विरूद्ध 60 करोड़ 18 लाख 78 हजार रुपए प्राप्त हुए। जो अपसेट वैल्यू से लगभग 1198 गुना ज्यादा है। इस तरह मंडी प्रशासन को परिसर में भूखंड नीलामी से 60 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ। 

कलेक्टर चंद्रा ने बताया कि इस राशि का उपयोग मंडी के विकास में किया जाएगा। मंडी अधिकारियों के अनुसार नवीन कृषि मंडी में 2 नए शेड का निर्माण होना है। अभी परिसर में नीलामी के लिए पर्याप्त शेड नहीं है।

विश्राम भवन बनने से किसानों को मिलेगी राहत 

नवीन मंडी परिसर में किसानों के विश्राम के लिए सुविधा नहीं है। किसान को खुले परिसर या अपने वाहनों में रात गुजारना पड़ती है। मंडी परिसर शहर से बाहर होने के कारण आसपास भी ठहरने की व्यवस्था नहीं है। मंडी प्रशासन राजस्व प्राप्त होने के बाद जल्द ही किसानों के लिए विश्राम गृह का निर्माण करवा सकता है। इससे बाहर से आने वाले किसानों को राहत मिलेगी।

प्रशासन कर रहा है औषधीय मंडी की प्लानिंग मंडी 

प्रशासन जल्द ही परिसर के पास ही औषधीय मंडी निर्माण की योजना बना रहा है। किसान गेहूं 
मक्का के साथ औषधीय फसल भी लाते हैं तो एक ही जगह नीलामी हो सकेगी। साथ ही नवीन मंडी परिसर में औषधीय बगीचा तैयार करने की योजना भी है ताकि किसान औषधीय फसल को देखकर उसके बारे में जानकारी प्राप्त कर सके।

नीमच मंडी में होंगे करोड़ों रुपए से विकास कार्य

समीर दास, मंडी निरीक्षक, नीमच ने बताया कि नीमच मंडी में करोड़ों रुपए से विकास कार्य करवाए जाएंगे। भूखंड नीलामी से मंडी प्रबंधन को 60 करोड़ से ज्यादा का राजस्व मिला है। इससे विकास कार्य किए जा सकते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने मंडी में विकास की योजना बना रखी है। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंडी में नवीन शेड, किसानों के लिए विश्राम गृह सहित कई विकास कार्य किए जाएंगे।