बीमार और जरूरतमंदों के लिए रेडक्रॉस बना सहारा, दो साल में दी 50 लाख की मदद
Jhabua News: बीमार और आर्थिक परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए रेडक्रॉस बड़ी राहत साबित हो रहा है। पिछले दो साल में जिला प्रशासन को 157 आवेदन मिले, जिनमें से 125 पात्र लोगों को सहायता दी गई। इनमें से ज्यादातर गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, जबकि कुछ आर्थिक संकट से गुजर रहे थे। कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने इन जरूरतमंदों को रेडक्रॉस से 50 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक मदद स्वीकृत की है।
कलेक्टर के पास पहुंचने वाले लोग खाली हाथ नहीं लौटते। उन्हें या तो शासन की किसी योजना से जोड़ा जाता है या रेडक्रॉस से तत्काल सहायता दी जाती है। दो साल में रेडक्रॉस ने कुल 62 लाख रुपए की मदद दी, जिसमें से 50 लाख रुपए बीमार और जरूरतमंदों के लिए थे, बाकी राशि प्रोत्साहन, आगजनी, बिजली गिरने जैसी घटनाओं में सहायता के रूप में दी गई।
इससे ग्रामीण साहूकारों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेने से बच जाते हैं। साथ ही उन्हें शासन की अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
मदद पाने वालों में किडनी रोग से पीड़ित बालिका के इलाज के लिए 25 हजार, वृद्ध एवं बहु विकलांग भंगड़िया सोमला को 50 हजार, पिता को खोने वाले राकेश चौहान को 50 हजार और आईएसपीएल क्रिकेट ट्रायल में चयनित 6 खिलाड़ियों को 50-50 हजार की प्रोत्साहन राशि दी गई।