{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Jhabua News: सड़क बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे हैं नर्मदा डूब क्षेत्र के लोग, जिला प्रशासन में लगाया समस्या समाधान शिविर

 

Jhabua News: नर्मदा डूब क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए जिला प्रशासन शिविर लगा रहा है। जिसमें डूब प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण अपनी समस्याएं बता रहे हैं। शिविर में नर्मदा बचाओ आंदोलन की प्रमुख मेधा पाटकर भी पहुंचीं। प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं रखी और निराकरण की मांग की।

शिविर लगाकर समस्याएं सुनने की पहल कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने की है। उनके निर्देश पर राजस्व विभाग ने शिविर की शुरुआत की है। सोंडवा विकासखंड में डूब क्षेत्र के ग्राम बड़ी सिरखड़ी, अंजनबारा, सकरजा, खुहा, खुंदी, छोटी सिरखड़ी, बड़झ आम्बा में शिविर लगाए गए। शिविर में मेधा पाटकर ने अधिकारियों को बताया डूब क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। उन्होंने कई गांवों का जिक्र किया जहां की स्थिति बेहद खराब है।
सिरखड़ी में सिर्फ दो हैंडपंप, ग्रामीण नदी से पानी लाते हैं

गांव में नहीं है प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 

डूब खेड़ा गांव में रास्ता नहीं है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी नहीं है इसलिए ग्रामीण परेशानी उठाते हैं। इतना ही नहीं बिजली और नेटवर्क की कोई सुविधा नहीं है। सिरखड़ी गांव में सिर्फ दो हैंडपंप हैं, इसलिए ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। वे नदी से पानी लाते हैं। बिजली, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता भी नहीं हैं। इसके अलावा ग्राम सकरजा का स्वास्थ्य केंद्र 16 किलोमीटर दूर है, वहां कोई नर्स नहीं है। मरीज पहुंचते भी हैं तो उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल पाता।

निराकरण कराया जाएगा

वीरेंद्र सिंह बघेल, एसडीएम, सोंडवा ने कहा कि अब तक लगाए गए शिविरों में ग्रामीणों ने समस्याएं बताई है। ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें निराकरण का आश्वासन दिया है। जो भी समस्याएं आई है, वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराऊंगा।