इंदौर / पेंटहाउस विवाद में पिता-पुत्र की दादागिरी; पड़ोसियों पर चढ़ा दी कार, सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मौके पर मौत
इंदौर, 26 मार्च (इ खबर टुडे)। शहर के लसूड़िया क्षेत्र में बुधवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई, जहाँ मामूली व्यावसायिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सागर टाउनशिप के समृद्धि एन्क्लेव में रहने वाले एक पिता और पुत्र ने विवाद के दौरान अपने ही पड़ोसियों पर कार चढ़ा दी। इस दर्दनाक घटना में इंफोसिस में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पाठक पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे द्वारा बिल्डिंग के दो पेंटहाउस का गलत इस्तेमाल था। व्यावसायिक उपयोग के लिए आरोपी इन पेंटहाउस को एक मोबाइल एप के जरिए किराए पर देते थे। बाहरी लोगों की लगातार आवाजाही से सोसाइटी की सुरक्षा और शांति प्रभावित हो रही थी, जिसका रहवासी लंबे समय से विरोध कर रहे थे। रविवार को स्थानीय पार्षद ने मामले को सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी पक्ष टस से मस नहीं हुआ।
सीसीटीवी में कैद हो गई घटना
बुधवार रात बहस के दौरान आरोपियों ने आपा खो दिया और अपनी कार स्टार्ट कर वहां खड़े लोगों को रौंदना शुरू कर दिया। यह पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपियों ने जानबूझकर भीड़ पर गाड़ी चढ़ाई।
नए घर में शिफ्ट हुई थी मृतका
मृतका शंपा पाठक अपने पति सौरभ और दो छोटे बच्चों के साथ इसी महीने 13 मार्च को इस बिल्डिंग में रहने आई थीं। किसी ने नहीं सोचा था कि नए घर की खुशियाँ इस तरह मातम में बदल जाएंगी।
आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
वारदात को अंजाम देने के बाद से ही पिता-पुत्र मौके से फरार हैं। लसूड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस उनके संभावित ठिकानों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबिश दे रही है।