ग्रामीणों ने चाकू मारने वाले आरोपियों को दबोचकर पुलिस को सौंपा, 24 घंटे में ही छोड़ने पर भड़के ग्रामीण
धार, 27 नवंबर (इ खबर टुडे)।धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमला में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शादी समारोह में युवक के पेट में चाकू घोंपने वाले दोनों आरोपियों को उन्होंने घटना के बाद पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही उन्हें छोड़ दिया।
इसी बात से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को अमझेरा थाने का घेराव कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मनावर-अमझेरा मार्ग पर जाम लगा दिया। दरअसल, 24 नवंबर को ग्राम आमला में शादी समारोह के तहत बनोला निकल रहा था। इसी दौरान आरोपी रवि और समीर वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने गोकुल को एक तरफ ले जाकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में गोकुल गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे स्वजन उसे अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे धार रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल के भाई ने अमझेरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि विवाह समारोह के दौरान रवि और समीर उसके भाई गोकुल को एक तरफ ले गए थे। दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
ग्रामीण कुणाल सहित अन्य लोगों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने दोनों आरोपितों को पकड़ लिया था और पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें 24 घंटे के भीतर छोड़ दिया। ग्रामीणों का सवाल है कि जब आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था और फरियादी ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, तो फिर उन्हें किस आधार पर छोड़ दिया गया?
इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। साथ ही मनावर-अमझेरा मार्ग पर जाम लगाकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने ग्रामीणों को दो से तीन घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का आक्रोश मुख्य रूप से इस बात को लेकर है कि गंभीर हमले के मामले में आरोपितों को पकड़ने के बावजूद उन्हें छोड़ने की नौबत क्यों आई।