{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Dhaar News: 3.19 करोड़ के वृद्धाश्रम का संचालन करने नहीं मिला फंड, अब जुगाड़ से जुटा रहे सामान

 

Dhaar News: बेसहारा बुजुर्गों के सहारा देने उद्देश्य से 3.19 करोड़ रुपए खर्च कर वृद्धाश्रम बनाया गया था। इसका तीन साल पहले लोकार्पण भी हो चुका। लेकिन अब तक इसके संचालन के लिए बजट नहीं मिला। स्थानीय स्तर पर ही वृद्धाश्रम को शुरू करने की तैयारी चल रही है। सीएसआर फंड से यहां पर कुर्सी-टेबल, पलंग, किचन सामग्री सहित अन्य सामान का इंतजाम किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार रंगपुरा स्थित सरकारी वृद्धाश्रम का निर्माण 3.19 करोड़ हुआ था। जिसका लोकार्पण 21 अक्टूबर 2021 को किया गया। तबसे अब तक प्रशासन यहां न बुजुर्गों को ला सका और न ही उनके लिए सामान जुटा पाया। दो साल पहले एक एनजीओ को संचालन की जिम्मेदारी दे थी। तबसे अब तक सामाजिक न्याय विभाग अधिकारी भोपाल पत्र लिखकर पलंग, कुर्सी, टेबल, किचन के

बर्तन सहित दूसरे सामान की डिमांड कर रहे हैं, लेकिन ये अब तक नहीं मिला। आखिरकार जिला स्तर पर ही संचालन शुरू करने के लिए अफसरों ने यहां-वहां से कुछ सामान की जुगाड़ शुरू की। सीएसआर फंड से अभी सामान जुटाकर 30 बुजुर्गों को रखने के इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन ने आवेदन भी बुलवाना शुरू कर दिया। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर संचालन की कवायद शुरू की है। बुजुर्गों को यहां तक लाने के लिए पंचायतों, सामाजिक संगठनों से भी संपर्क किया जा रहा है।

5 का स्टाफ, डॉक्टर और नर्स भी रहेंगे वृद्धाश्रम संचालन के लिए संस्था द्वारा स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। एक कुक, एक चौकीदार, एक स्वीपर, दो केयर टेकर, एक योगा टीचर कलेक्टर दर पर रखे जाएंगे। इनके अलावा एक डॉक्टर और एक नर्स पार्ट टाइम यहां रहने वाले बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच करेंगे।
अभी 10 पलंग, किचन का सामान लाने की तैयारी
बताया जा रहा है, फिलहाल 10 पलंग और किचन में इतने लोगों का भोजन तैयार करने के लिए सुविधाएं दो-तीन दिनों में कर ली जाएंगी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर भी और सामान जुटाया जाएगा। दूसरी ओर सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से भी 50 लोगों की जरूरत के हिसाब से सामान भेजने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में अब वृद्धाश्रम शुरू होने की निर्भरता पूरी तरह आवेदनों की संख्या में पर निर्भर है।

जोबट उपचुनाव करीब थे तब किया था लोकार्पण

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 5 अक्टूबर 2021 को झाबुआ आए थे। पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान पर सभा हुई थी। इसे जोबट उपचुनाव की तैयारी के रूप में देखा गया था। कांग्रेस से भाजपा में आई सुलोचना रावत को सीएम ने मंच पर अपने साथ खड़ा किया। इसी कार्यक्रम में सीएम ने जिले में 140 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण किया था। वृद्धाश्रम इन्हीं में से एक था।

आवेदन बुलवाए हैं, तैयारी भी पूरी है

संचालन के लिए संस्था पहले से तय की हुई है। जरूरी सामग्री फिलहाल स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही है। भोपाल से भी जल्दी मिल जाएगी। 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आवेदन बुलवाए हैं। आवेदनों की संख्या पर्याप्त होने पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

पंकज सांवले, उप संचालक, सामाजिक न्याय विभाग