Dhaar news: जेसीबी लगाकर नालियों व नालों की सफाई शुरू कराई
Dhaar News: नगर परिषद ने गुरुवार से बारिश से पहले स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत नगर की नालियों और छोटे नालों की सफाई की जा रही है। परिषद ने जेसीबी मशीनों और सफाई कर्मचारियों की मदद से काम शुरू किया है। बाजार क्षेत्र की दोनों ओर सड़क किनारे की सफाई भी की जा रही है। स्वच्छता प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कार्य की निगरानी की। रहवासियों ने अभियान पर संतोष जताया। परिषद का उद्देश्य है कि बारिश में जलभराव न हो और घरों में पानी न घुसे। पिछले सालों में बारिश के दौरान घरों में पानी भरने की शिकायतें मिलती थीं। इस बार परिषद ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है।
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जयराम गावर ने वार्ड 5 रानी रूपमती मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने नालियों और सड़कों के दोनों ओर जमा कचरे को हटाने के निर्देश दिए। स्वच्छता प्रभारी और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई कि हर गली-मोहल्ले की नियमित सफाई हो। सीएमओ और स्वच्छता प्रभारी को सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अभियान को चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। पहले चरण में वार्ड 1 से 6 तक नालियों की सफाई हो रही है। अगले चरणों में अन्य वाडों की सफाई की जाएगी। परिषद की कोशिश है कि बारिश में जलभराव और संक्रमण से लोग बचें। नालियों से गाद निकाली जा रही है। कहीं जेसीबी से तो कहीं मजदूरों से सफाई करवाई जा रही है। नगर परिषद अध्यक्ष मालती जयराम गावर ने बताया कि अभियान एक महीने तक चलेगा। हर वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलेगा। सीएमओ संत कुमार चौहान ने कहा कि यह पर्यटन स्थल है, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वे खुद टीम के साथ निगरानी करेंगे। अध्यक्ष ने बताया बारिश के दौरान लोगों को परेशानी नहीं होगी। हम पूरे प्रयास कर रहे हैं। व्यवस्थाओं में सुधार होगा।