स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बनेगा मध्यप्रदेश देश का अव्वल राज्य - मुख्यमंत्री श्री चौहान
Apr 13, 2013, 15:50 IST
ममता और आस्था अभियान आरंभ
भोपाल 11 अप्रैल (इ खबरटुडे)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज मध्यप्रदेश विकास दर के क्षेत्र में देश का प्रथम राज्य है। मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी देश का अव्वल राज्य बनायेंगे। मुख्यमंत्री श् री चौहान आज यहाँ स्वास्थ्य विभाग के दो महत्वाकांक्षी ममता अभियान और आस्था अभियान के शुभारंभ समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और स्वास्थ्य राज्य मंत्री महेन्द्र हार्डिया भी उपस्थित थे।श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अधोसंरचना विकास, कृषि, ऊर्जा और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गयी हैं। ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना में प्रदेश की विकास दर 10.2 प्रतिशत है जो राष्ट्रीय विकास दर की पौने दो गुना है। गत वर्ष प्रदेश में 18.91 प्रतिशत ऐतिहासिक कृषि विकास दर प्राप्त की है। अब स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता का क्षेत्र है। मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करने और कुपोषण के कलंक को मिटाने की चुनौती हमारे सामने है। इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में ऐसी व्यवस्थाएं की जाये कि वहां आने वाले गरीब मरीजों को हर तरह के उपचार की सुविधा मिले। स्वास्थ्य के परिदृश्य को बदलने के लिये सब मिलकर काम करें।