{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 

भिलाई टाउनशिप में सनसनीखेज वारदात, सीवरेज पाइप साफ कर रहे मजदूरों को मिला इंसान का कटा सिर

 

भिलाई, 27 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। छत्तीसगढ़ के भिलाई टाउनशिप क्षेत्र से एक सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है। बीएसपी टाउनशिप में भिलाई होटल स्टाफ क्वार्टर के पीछे स्थित नर्सरी में सीवरेज पाइप की सफाई के दौरान एक इंसान का कटा हुआ सिर बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सिर करीब एक महीने पुराना होना बताया जा रहा है। इस दुस्साहसिक घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


चार पॉलीथिन में लपेटकर पाइप में डाला गया था सिर
पुलिस के मुताबिक सिर को चार पॉलीथिन में लपेटकर सीवरेज पाइप में डाला गया था। सूचना पर भिलाई नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सिर करीब एक महीने पुराना होने की आशंका है।


सीवरेज जाम ठीक करने उतरे थे सफाई मजदूर
पुलिस के अनुसार स्टाफ क्वार्टर में पिछले चार दिनों से सीवरेज जाम होने की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद सफाई ठेका मजदूर अरुण, राजेश, दीपक और रोशन नर्सरी में बने सीवरेज चेंबर की सफाई करने पहुंचे। चेंबर का ढक्कन खोलने पर पाइप में पॉलीथिन फंसी मिली।

वजन अधिक होने पर मजदूरों ने उसे बाहर निकाला। पॉलीथिन खोलने पर उसमें इंसान का कटा हुआ सिर मिला। सिर से तेज दुर्गंध भी आ रही थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई l घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई l

पुलिस के सामने मृतक की पहचान और धड़ तलाशना बड़ी चुनौती
कटा हुआ सिर मिलने के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की शिनाख्त करने और उसके शरीर के बाकी हिस्से धड़ को बरामद करने की है।

डीएनए जांच का सहारा
पुलिस ने मृतक के बाल और दांतों के सुरक्षित नमूने ले लिए हैं, जिनकी डीएनए जांच कराई जाएगी ताकि मृतक की पहचान स्थापित करने में मदद मिल सके। आसपास के इलाकों में तलाश: पुलिस टाउनशिप और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को खंगाल रही है तथा आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।