केदारनाथ हेली सेवा का इंतजार बढ़ा, पांचवें दिन भी शुरू नहीं हो पाई, श्रद्धालु लौटे मायूस
Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम जाने के लिए हेली सेवा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को पांचवे दिन भी निराशा का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण हेली सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा रद्द हो गई। पिछले पांच दिनों से हेली सेवा बाधित है, जिससे 4500 से अधिक टिकट रद्द हो चुके हैं।
केदारनाथ यात्रा के पहले चरण में खराब मौसम के कारण कई हेली कंपनियों की उड़ानें रद्द हुई थीं। अब तक कुल 6000 से ज्यादा टिकटें रद्द हो चुकी हैं। श्रद्धालु हेली कंपनियों के कार्यालयों में संपर्क कर रहे थे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
दिल्ली से आए जितेंद्र यादव और बड़ोदरा के प्रतीक जैन ने बताया कि उनकी टिकट 17 जून के लिए बुक थी, लेकिन हेली सेवा बंद रहने से वे वापस लौट रहे हैं। लुधियाना के नीरज कुमार और दिल्ली के प्रताप कुशवाह ने कहा कि अब वे पैदल ही केदारनाथ यात्रा पर जा रहे हैं।इस साल केदारनाथ यात्रा में 8 हेली कंपनियों को उड़ान की अनुमति मिली थी, लेकिन खराब मौसम के चलते कई हेलीकॉप्टर वापस लौट गए हैं। अब कई यात्री पैदल यात्रा शुरू कर चुके हैं और बाबा के दर्शन के लिए निकल पड़े हैं। राज्य में मानसून की शुरुआत ने हेली सेवाओं को प्रभावित किया है, और मौसम के कारण यह सेवा फिलहाल अनिश्चित बनी हुई है।