अब एक क्लिक करते ही देशभर में वक्फ प्रोपर्टी होगी सामने, नया पोर्टल बताएगा कीमत
हरियाणा वक्फ बोर्ड ने अपनी संपत्तियों को डिजिटल करने की सभी तैयारियां कर ली हैं। जल्द ही एक नया पोर्टल लांच किया जाएगा। इस पोर्टल पर सभी प्रकार की जानकारी उपलब्ध होगी। जमीन का पूरा लेखा-जोखा, सर्कल रेट और डेवलपमेंट की जानकारी भी इस पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
बोर्ड ने अपने सभी कार्यकारी अधिकारियों को एक फार्मेट भेज दिया है। इसमें 1960 से लेकर अब तक की सभी संपत्तियों का डॉटा मांगा गया है। इस समय हरियाणा में 12336 यूनिट हैं, जिनमें 25 हजार से अधिक किराएदार बैठे हैं।
केंद्र सरकार ने वक्फ संशोधन बिल 2024 को पास कर लागू कर दिया है, लेकिन अब यह विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है।
वहीं वक्फ बोर्ड देशभर में अपनी प्रॉपर्टियों का डाटा खंगालने में जुट गए हैं। इसके लिए एक नया पोर्टल लांच किया जाएगा। इसमें एक क्लिक करते ही प्रोपर्टी से संबंधित सभी प्रकार का लेखा-जोखा सामने आ जाएगा। यह पोर्टल उस जमीन का सर्कल रेट भी बताएगा। इसके अलावा बहुत सी अन्य जानकारी भी इस पोर्टल पर मिलने लगेंगी। इसके अलावा पोर्टल यह भी बताएगा कि इस इन जमीनों पर किस प्रकार पर डेवलेपमेंट हो सकता है। देश भर के सभी वक्फ बोर्ड को एक चार पेज का फार्मेट भेजा गया है। इसमें सभी प्रकार का डॉटा भरा जाएगा, जो बाद में ऑनलाइन किया जाएगा।
2013 में बना था पोर्टल
2013 में हरियाणा वक्फ बोर्ड का पोर्टल बनाया गया था। अब नया पोर्टल लांच किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने अपनी तैयारियां पूरी करने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। हर कार्यकारी अधिकारी को 1960 से लेकर अब तक की सभी प्रोपर्टी का डाटा इस चार पेज के फार्मेट में देना होगा। इसमें यह भी बताना होगा कि इस जमीन का सर्कल रेट क्या है।
यदि पूरे प्रदेश की बात करें तो यहां 12336 यूनिट हैं। इनमें 25 हजार से अधिक किराएदार हैं। इस फार्मेट में यह भी बताना होगा कि 2020 से लेकर 2024 तक वक्फ की आर्थिक स्थिति क्या थी और अब क्या है। जिले में कितना सर्कल रेट है, यह भी बताना होगा। इस फार्मेट में पिछले पांच साल का स्टेटस भी बताना होगा।
हरियाणा में वक्फ बोर्ड ने 2013 में पोर्टल बनाकर 90 प्रतिशत से अधिक जानकारी इस पोर्टल पर दे दी थी, लेकिन कुछ समय पहले एक और नया पोर्टल बनाने की जरूरत महसूस की गई। अभी तक इस पोर्टल् का नाम तय नहीं किया गया है, लेकिन इसमें हर प्रकार की जानकारी उपलब्ध होगी।