{"vars":{"id": "115716:4925"}}

उत्तर प्रदेश के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए ऊपर से कूदे छात्र, 18 की मौत और 8 घायल, पीएम मोदी ने किया आर्थिक मदद का एलान

 

लखनऊ,22 जून (इ खबर टुडे )। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि जान बचाने के लिए कई छात्रों को ऊपरी मंजिलों से कूदना पड़ा। सात से आठ लोगों के घायल होने और 18 छात्रों की मौत होने की सूचना है।

घटना स्थल पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पहुंच गए। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एसीएस होम संजय प्रसाद डीजीपी राजीव कृष्णा के अलावा डीएम और दूसरे पुलिस अधिकारी मौके पर बचाव और राहत कार्य में जुटे हैं। पीछे की दीवार तोड़कर छात्रों को निकाला गया।

घटना अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय अचानक इमारत से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।


दमकल की टीमें मौके पर, बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। दमकलकर्मी इमारत में फंसे लोगों की तलाश के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।

छात्रों में मची भगदड़
आग लगते ही कोचिंग सेंटर में मौजूद छात्रों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनी से बाहर निकलने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

चश्मदीदों के अनुसार आग लगी तो बच्चे नीचे कूदने लगे
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि घटना के वक्त कई बच्चे कोचिंग सेंटर के अंदर थे। आग लगी तो बच्चे नीचे कूदने लगे। घटना से जुड़े कई फोटो और वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।

मौके पर डीएम विशाख, एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन समेत कई अधिकारी पहुंच चुके हैं। दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से कर्मचारी बचाव कार्य में जुटे हैं। घटना में कितने लोग हताहत हुए हैं अभी तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं हो सका है।