{"vars":{"id": "115716:4925"}}

बलूचों ने पाक सेना के खिलाफ खोला मोर्चा, बुरी तरह से फंसा पाकिस्तान

बलूचों ने पाक सेना के खिलाफ खोला मोर्चा, बुरी तरह से फंसा पाकिस्तान
 

पूर्वी सीमा पर भारतीय सेना के हाथों ऑपरेशन सिंदूर में पिटने के साथ ही पश्चिमी सीमा पर भी पाकिस्तान सेना घिर गई है। यहां बलूचों ने पाक सेना के खिलाफ अब राजधानी क्वेटा में भी मोर्चा खोल दिया है। 

पाक सेना के फ्रंटियर कॉर्प्स के मुख्यालय समेत छह स्थानों पर विस्फोट और गोलीबारी की खबरें हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी ने बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पाकिस्तानी सेना की कई पोस्ट और इमारतों पर कब्जा करते हुए यहां से पाक सेना का झंडा उतार दिया है। शहर के कई हिस्सों पर पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण खो दिया है।

रिपोर्ट के अनुसार, बीएलए और पाक सेना के साथ इस टकराव में पाक सेना के दर्जन भर से ज्यादा जवानों की मौत हुई है और कई जवानों को बंधक बना लिया गया है। 

बीएलए ने यह भी दावा किया है कि उसने कई इलाकों में पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने के लिए मजबूर किया है। बीएलए ने एक गैस पाइपलाइन को भी उड़ाने का दावा किया है।

संयुक्त राष्ट्र से बलोचिस्तान की आजादी की मांग

बलूच लेखक मीर यार बलूच ने पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी का दावा किया है। उन्होंने भारत सरकार से नई दिल्ली में बलूच दूतावास खोलने की अनुमति देने का आह्वान किया है। 

बलूच ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करते हुए संयुक्त राष्ट्र से बलूचिस्तान में शांति सेना भेजने की भी गुजारिश करते हुए पाकिस्तानी सेना को इस इलाके से निकाले जाने की भी मांग की है।