साढ़े तीन घंटे में गोरखपुर से लखनऊ का होगा सफर, जल्द खुलेगा एक्सप्रेस-वे
जल्द ही उत्तरप्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खबर आ रही है। काफी समय से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के खुलने का इंतजार कर रहे लोगों का अब इंतजार खत्म होने वाला है। यह लिंक एक्सप्रेस-वे उत्तरप्रदेश के लिए गेम चेंजर होगा। इसके खुलने से गोरखपुर से लखनऊ का सफर केवल साढ़े तीन घंटे में ही पूरा हो जाएगा। इस पर अब 5 घंटे का समय लगता है। इसे उत्तरप्रदेश की लाइफलाइन भी कहा जाता है।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस के निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके लिए कुछ अन्य औपचारिकताएं बाकी हैं, जो जल्द ही पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद इस लिंक एक्सप्रेस-वे पर वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। 15 दिन बाद इस एक्सप्रेस-वे को खुलने के लिए हरी झंडी मिल जाएगी। इस एक्सप्रेस-वे पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटा क रफ्तार से दौड़ सकेंगे।
15 दिन में लोकार्पण का लक्ष्य
पहले इस लिंक एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 15 अप्रैल को होना था, लेकिन इसका कार्य पूरा नहीं हुआ था। अब यदि सब कुछ ठीक रहा तो इसी महीने के अंतिम सप्ताह में इस लिंक एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हो जाएगा। सभी बाकी बचे कार्यों को अगले 15 दिन में पूरा करने का दावा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या फिर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इसका उद्घाटन कर सकते हैं।
सर्विस रोड का काम अधूरा
इस समय गोरखपुर बाईपास स्थित जीरो चैनेज और सिकरीगंज में सर्विस रोड का निर्माण चल रहा है, वह अभी अधूरा है। इस कार्य को अगले 15 दिन में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं घाघरा नदी के कम्हरिया घाट पर नदी की धार सीधी करने का काम पूरा हो चुका है। अन्य सभी प्रकार के कार्य भी पूरे हो चुके हैं। वहीं इस लिंक एक्सप्रेस-वे पर सिंकरीगंज में ओवरपास बनाने का काम भी लगभग पूरा होने को है। यह ओवरपास 600 मीटर लंबा है। इसका निर्माण अगले दो महीने में हो जाएगा, लेकिन वाहनों के दौड़ने में यह कोई बाधा नहीं है।
35 अंडारपास बनाए गए
इस लिंक एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुविधा के लिए 35 अंडरपास बनाए गए हैं। इसके अलावा 7 फ्लाईओवर, 7 बड़े पुल और 27 छोटे पुल, 16 वाहनों के लिए बड़े अंडरपास, 50 छोटे अंडरपास बनाए गए हैं। इस एक्सप्रेस-वे पर दो टोल प्लाजा भी बनकर तैयार हो चुके हैं, जो आपकी जेब ढीली करेंगे।
साढ़े तीन घंटे में लखनऊ
इस समय गोरखपुर से लखनऊ जाने में लगभग 5 घंटे का समय लगता है। इस एक्सप्रेस-वे के बाद साढ़े तीन घंटे का समय लगेगा। इस एक्सप्रेस-वे की लंबाई 92 किलोमीटर है। इस लिंक एक्सप्रेस-वे के बनने से गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, संत कबीरनगर, आजमगढ़ जिलों को काफी लाभ होगा। वहीं गोरखपुर से बस्ती, अयोध्या के रास्ते फोरलेन के रास्ते में ट्रैफिक की वजह से समय लग जाता है, इससे भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं इस एक्सप्रेस-वे पर औद्योगिक गलियारे बनाए जाएंगे, जिससे विकास के नए रास्ते खुलेंगे।