छोटी कार और मोटरसाइकिल हो सकती हैं सस्ती, सरकार ने GST में कटौती की तैयारी शुरू की
GST Reduction: सरकार छोटे वाहनों और मोटरसाइकिलों को सस्ता करने की तैयारी में है। वैश्विक बैंकिंग समूह एचएसबीसी की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि GST दर को वर्तमान 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया जाता है, तो भारत में छोटी कारों की कीमतों में लगभग आठ प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। फिलहाल 1200cc तक की छोटी कारों और 4 मीटर से कम लंबाई वाली गाड़ियों पर 28% GST और पेट्रोल पर 1%, डीजल पर 3% सेस लगता है। इस नए प्रस्ताव से टैक्स का भार कम होगा और ग्राहक कारें कम कीमत पर खरीद सकेंगे।
मिड-साइज कारों के लिए भी कुछ राहत मिल सकती है। 1200cc पेट्रोल या 1500cc डीजल इंजन वाली मिड-साइज कारों पर अभी कुल मिलाकर लगभग 43% टैक्स लगता है। प्रस्तावित बदलाव के बाद इसे 40% तक घटाने का विकल्प है। इस बदलाव से ग्राहक को मामूली राहत मिलेगी और इन कारों की कीमत थोड़ी कम हो सकती है।
वहीं, 1500cc से अधिक इंजन वाली लग्जरी कारों और बड़ी SUV पर फिलहाल कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। सरकार चाहती है कि इन वाहनों पर अतिरिक्त शुल्क लगाकर मौजूदा टैक्स स्तर बनाए रखा जाए।
मोटरसाइकिलों की बात करें तो एंट्री-लेवल बाइक पर 28% GST लगता है। अगर सरकार इसे घटाकर 18% करती है, तो 350cc तक की बाइक की कीमत कम हो जाएगी। वहीं 350cc से ऊपर वाली हाई-एंड मोटरसाइकिलों पर कुल टैक्स 31% है, जिसे बढ़ाकर 40% किया जा सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस बदलाव से दोपहिया और चारपहिया निर्माताओं दोनों को लाभ होगा, लेकिन सरकार के GST संग्रह में करीब 4-5 अरब डॉलर की कमी आ सकती है। कुल मिलाकर, छोटे वाहनों और एंट्री-लेवल मोटरसाइकिलों को टैक्स में राहत मिलने से आम उपभोक्ता के लिए कीमतें किफायती हो सकती हैं, जबकि हाई-एंड और लग्जरी वाहनों पर वर्तमान दरें लागू रहेंगी।