2 महीनों में चांदी ने सोने से 3 गुना ज्यादा रिटर्न दिया, जाने आगे सोना या चांदी में से कौन देगा अधिक रिटर्न
मार्केट में एक नया ट्रेंड दिख रहा है। बीते 50 दिनों में चांदी ने सोने से तीन गुना ज्यादा रिटर्न दिया है। इस साल 30 अप्रैल से अब तक सोने में 5.2% की तेजी देखी गई, इसकी तुलना में चांदी में 14.1% का उछाल देखा गया। 30 अप्रैल को 24 कैरेट सोने की कीमत 94,361 रु. प्रति 10 ग्राम थी। गुरुवार तक यह 4,900 रु. बढ़कर 99,261 रु. हो गई। इसी तरह, चांदी 94,114 रु. किलो से 13,269 रु. बढ़कर 1,07,383 रुपए किलो हो गई। इससे एक दिन पहले बुधवार को सोने ने 99,454 रु. प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 1,09,412 रु. किलो की रिकॉर्ड स्तर छुआ।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, इस साल अब तक सोने ने 30% और चांदी ने 24.84% रिटर्न दिया है। बुलियन एक्सपर्ट्स आने वाले समय में सोने के मुकाबले चांदी में ज्यादा तेजी आने की उम्मीद जता रहे हैं। बीते एक हफ्ते से सोना सीमित दायरे में ट्रेड कर रहा है। यह बताता है कि इजराइल-ईरान युद्ध की खबर के असर को बाजार जब्ज कर चुका है। सोने में तेजी अब थमती दिख रही है। सिटी ग्रुप की रिपोर्ट से भी इसके संकेत मिलते हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक नियर टर्म में सोने की कीमतों में 22% तक का करेक्शन आ सकता है।
तेजी क्यों? चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड तेजी से बढ़ रही
सिल्वर इंस्टीट्यूट के मुताबिक लगातार 5वें साल चांदी का उत्पादन डिमांड से कम है। औद्योगिक मांग 56% तक पहुंच चुकी है।
इंडस्ट्री में खासकर सोलर पैनल, ईवी, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टरों में चांदी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है।
गोल्ड-सिल्वर रेश्यो 107 के उच्च स्तर से घटकर 91.5 रहा। ये गिरावट संकेत है कि चांदी अभी भी सोने के मुकाबले सस्ती है। इसलिए निवेशक चांदी में रूचि दिखा रहे हैं। चांदी के ईटीएफ निवेश में भी वृद्धि देखी जा रही है।
ईरान-इजराइल तनाव से बुलियन में तेजी का ट्रेंड रहेगा
वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों के गहराने के कारण गुरुवार को सोने की कीमतें 3,380 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई, जिसने पिछली सत्र की गिरावट की भरपाई की। तेजी का रुझान बनने पर चांदी 1.30 लाख रुपए किलो और सोना 1,08,000 रु. प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। गिरावट में चांदी 97,500 से 1 लाख रु. किलो के बीच रह सकती है, जबकि सोना 90 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक नीचे आ सकता है।