Gold silver price : शादियों के बीच सोने और चांदी में तेजी, इस माह के लास्ट तक चांदी के रेट छुएंगे आसमान
सोना-चांदी के दाम एक बार फिर रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच रहे हैं। देशभर में चांदी की औसत कीमत 10,821 रुपए बढ़कर 1,75,180 रुपए प्रति किलो हो गई। 24-कैरेट सोना भी 2,209 रुपए महंगा होकर एक बार फिर 1,28,800 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। 22-कैरेट (जेवराती) सोना 1,17,981 रुपए हो गया। आईबीजेए के आंकड़ों के मुताबिक सोने की कीमत अब रिकॉर्ड स्तर से सिर्फ 784 रुपए नीचे रह गई है। चांदी के दाम हालांकि अब भी रिकॉर्ड स्तर से 2,920 रुपए कम है। इस साल अक्टूबर में दिवाली से ठीक पहले 24-कैरेट सोना 1,29,584 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,78,100 रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर थी। केडिया एडवाइजरी के मुताबिक, इस महीने के आखिर तक सोने की कीमत 1.35 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1.85 लाख रुपए किलो तक पहुंच सकता है।
डॉलर कमजोर, सप्लाई भी कम, इसलिए चमक रहे सोना-चांदी
भारत में शादियों का सीजन सोने-चांदी की मांग बढ़ा रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस तेजी के तीन बुनियादी कारण हैं...
1. संभावना है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक इस माह ब्याज दर 0.25% घटाएगा। भारत में भी दरें घट सकती हैं। ये हालात बुलियन मार्केट के लिए अच्छे होते हैं।
2. सोमवार को डॉलर इंडेक्स 100 से नीचे 99.40 पर आ गया। इसका मततलब है कि डॉलर कमजोर हो रहा है। ऐसे में सोने-चांदी के दाम बढ़ते हैं क्योंकि इन्हें खरीदने के लिए ज्यादा डॉलर चुकाना पड़ता है।
3. दुनियाभर में चांदी की सप्लाई इसकी डिमांड के मुकाबले काफी कम है। खास तौर पर चीन में इसकी जितनी मांग है, उतनी मात्रा में सप्लाई नहीं हो पा रही है। इसके चलते बड़े डीलर इन दिनों मुंहमांगी कीमत देने के लिए तैयार हैं।