बुजुर्ग महिला की हत्या के विरोध में चक्काजाम, मारकर सोने के दांत उखाड़ ले गए थे बदमाश
भोपाल,07 नवंबर (इ खबर टुडे ) । राजधानी के वाजपेयी नगर मल्टी क्षेत्र में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के विरोध में शनिवार को स्वजन और परिचितों ने चक्काजाम कर दिया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर तक रास्ता रोक दिया। लगभग 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर एसीपी अनिल बाजपेई सहित दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद स्वजन कलरी देवी के अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए।
दम घोंटकर की गई थी हत्या, सोने के दांत भी उखाड़े
कलरी देवी की हत्या के मामले में शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रस्सीनुमा किसी वस्तु से उनका गला घोंटा गया था। हत्या के बाद बदमाश उनके सोने के दांत उखाड़कर ले गए थे। वारदात के तरीके से लूट के लिए हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
इलाके के युवक पर जताया संदेह
प्रदर्शन के दौरान स्वजन ने इलाके के ही एक युवक पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताया। उनका कहना है कि वारदात के बाद से वह युवक गायब है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच और पुष्टि का इंतजार है। स्वजन ने इलाके में पहले भी हुई दो हत्याओं का हवाला देते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
गिरफ्तारी के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले में जल्द कार्रवाई और आरोपियों गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद स्वजन ने रास्ता खोल दिया और यातायात सामान्य हुआ।