हरियाणा की शान मुर्रा, हिसार के ईश्वर की भैंस ने 35.669 किग्रा. दूध दे बनाया विश्व रिकॉर्ड, 20 लाख लग चुका दाम
हरियाणा में पली मुर्रा नस्ल की भैंस विश्व स्तर पर सर्वश्रेष्ठ है। हिसार के गांव सिंघवा खास के पशुपालक ईश्वर सिंघवा की भैंस 'राधा' ने दुग्ध उत्पादन में इतिहास रचते हुए 35.669 किलोग्राम दूध देकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड कैथल जिले के गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी नरेश की भैंस 'रेशमा' के नाम था, जिसने 33.800 किलो दूध दिया था।
यह प्रतियोगिता हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड की ओर से गांव सिंघवा खास पशु अस्पताल में हुई। इसमें प्रदेशभर के पशुपालकों ने भाग
लिया। ईश्वर सिंघवा और उनके पिता होशियार सिंह (रिटायर्ड पीटीआई) लंबे समय से मुर्रा नस्ल के संरक्षण और सुधार कार्यों में लगे हुए हैं। इसके अलावा उनकी एक भैंस धन्नो कई पुरस्कार जीत चुकी है। धन्नो का 18 बार गर्भधारण हुआ। 10 कटड़ियां, 8 कटड़े दे चुकी और 21 पशु मेलों की चैंपियन बन चुकी है। धन्नो 31 हजार रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक पुरस्कार जीत चुकी है। ईश्वर सिंघवा मुर्रा भैंसों के कारण चर्चा में रहे हैं। उनकी भैंस 'धन्नो-2' राज्य स्तरीय ब्रीड मुर्रा चैंपियन रह चुकी है, जिसे 18.31 लाख रुपए में बेचा था।
एक साल पहले खरीदी थी 'राधा'
ईश्वर ने बताया कि उन्होंने राधा को फतेहाबाद के गांव कन्नड़ी से एक वर्ष पहले खरीदा था। उन्होंने बताया कि राधा को खरीदने के लिए कई पशुपालक 15 लाख रुपए से ज्यादा का ऑफर दे चुके हैं, लेकिन बेचने से मना कर दिया। अब वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने के बाद ईश्वर ने कहा कि 'राधा अब हमारी पहचान है, इसे करोड़ों रुपए में भी नहीं बेचेंगे। राधा का नामकरण बिहार यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. इंद्रजीत और हरियाणा पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह द्वारा किया गया था।