Movie prime

Soybean: सोयाबीन की फसल को पीला मोजेक रोग ने किया पूरी तरह से बर्बाद, किसान रोटावेटर चलाकर कर रहे हैं नष्ट 

 

Soybean Crop: मध्य प्रदेश राज्य में इस बार सोयाबीन की फसल पर पीला मोजेक रोग कहर बनकर बरपा है। इस रोग से किसानों की सोयाबीन की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। आलम यह बना हुआ है कि अब किसान खुद ही अपनी सोयाबीन की फसलों को रोटावेटर चला कर मिट्टी में मिल रहे हैं। जानकारी के अनुसार इस बार प्रदेश में सोयाबीन की फसलों से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। 

प्रदेश के मंदसौर जिले में ग्राम रावटी के किसान व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पाटीदार ने पीला मोजेक रोग से नष्ट हुई अपनी फसल को रोटावेटर से नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि रोग के कारण पूरी फसल पीली पड़ गई। फूल और फलियां पूरी तरह खराब हो गईं। पौधे सूख गए। अब खेत से फसल हटाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। 

हजारों रुपए खर्च करने के बाद भी नहीं बच रही है फसल

मंदसौर जिले के किसान सुरेश ने कहा कि जुताई, बुवाई, निंदाई, खाद और बीज पर खर्च करने के बाद भी फसल नहीं बची। दुखी मन से रोटावेटर चलाना पड़ा। मेहनत पर पानी फिर गया। यह दर्द एक किसान ही समझ सकता है। यह समस्या अकेले सुरेश की नहीं है। पूरे क्षेत्र में पीला मोजेक रोग से खेत के खेत नष्ट हो गए हैं। किसान सुरेश पाटीदार, गोविंद पाटीदार, रामेश्वर पाटीदार ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि पीला मोजेक का सर्वे कराया जाए। किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाए ताकि कुछ राहत मिल सके।