Impressional Story: चाय और नाश्ता के पैसे मांगते देख शुरू किया स्वल्पाहार केंद्र, हर दिन 200 को दे रहे नाश्ता
Ratlam News: मध्य प्रदेश के रतलाम से बड़ी ही रोचक स्टोरी सामने आए हैं। निर्धन और निराश्रितों को चाय और नाश्ता के पैसे मांगते देख स्वल्पाहार केंद्र शुरू किया था। कल चार साल पूरे हो जाएंगे। यहां जरूरतमंदों को 365 दिन ही नाश्ता मिलता है। हर दिन 200 से ज्यादा जरूरतमंद पहुंचते हैं। हम बात कर रहे हैं, डालूमोदी बाजार में चल रहे कुशाभाऊ ठाकरे स्वल्पाहार केंद्र (चाय नाश्ता पॉइंट) की। सुबह 7 से 8 बजे तक यह नाश्ता पॉइंट चलता है और रोजाना चाय व नाश्ता मिलता है। इसका संचालन पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी द्वारा किया जा रहा है।
मॉर्निंग वॉक पर जाने के दौरान चाय नाश्ते के लिए लोगों को पैसे मांगते देखकर आया स्वल्पाहार खोलने का आईडिया
कोठारी प्रातः मॉर्निंग वॉक पर जाते तो निर्धन और निराश्रित लोग उनसे चाय या नाश्ते के लिए पैसे मांगते, तब उनके मन में आया कि भोजन के लिए शहर में कई संस्थाएं कार्य कर रही हैं लेकिन क्यों ना सुबह के समय जरूरतमंदों के लिए नाश्ता पॉइंट शुरू किया जाए। इसी विचार को ध्यान में रखकर कोठारी एवं उनके साथियों ने एक स्वल्पाहार केंद्र प्रारंभ करने का निश्चय किया। 15 अगस्त 2021 की सुबह सात बजे नाश्ते के साथ केंद्र की शुरुआत की। यहां निराश्रित व निर्धन को मिठाई, नमकीन, ब्रेड के नाश्ते के साथ चाय दी जाती है।
शुरुआत में आते थे 60-70 लोग
शुरुआत में 60-70 लोग आते थे। धीरे धीरे यह संख्या बढ़ती गई और आज 200 से अधिक लोग आ रहे हैं। केंद्र की विशेषता यह है कि नाश्ता केंद्र पर लोग लाइन लगाकर पूरे अनुशासन से नाश्ता लेते हैं। यही नहीं डिस्पोजल की जगह प्लास्टिक की प्लेट और गिलास का उपयोग किया जाता है ताकि गंदगी ना फैले। बारिश हो या सर्दी इस केंद्र पर जरूरतमंदों को रोजाना ही नाश्ता मिलता है। इस केंद्र पर कई लोग तो अपना जन्मदिन, परिवार की पुण्यतिथि भी मनाते हैं। श्री कोठारी ने बताया कि कुशाभाऊ ठाकरे हमेशा यही प्रेरणा देते रहे कि राजनीति में आए हो तो मानव सेवा और निर्धन की मदद करना ही लक्ष्य होना चाहिए। इस आधार पर ही कार्य किया जा रहा है।