mainइंदौरब्रेकिंग न्यूज़

Bird Flu /नगर निगम और पशु पालन विभाग ने 170 मुर्गे-मुर्गियां जब्त कर दुकानें बंद कराईं

इंदौर,08 जनवरी (इ खबरटुडे)। Bird Flu Indore। नगर निगम और पशु पालन विभाग ने लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़ी दुकानों पर कार्रवाई की। आजाद नगर और खजराना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान दोनों इलाकों की 52 दुकानों से लगभग 170 मुर्गे-मुर्गियां जब्त किए गए।

नगर निगम की कार्रवाई के कारण दोनों इलाकों के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। निगम स्वास्थ्य विभाग का अमला दल-बल के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचा था। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उत्तम यादव ने नईदुनिया को बताया कि सुबह अलग-अलग टीमों के साथ आजाद नगर और खजराना क्षेत्र में पोल्ट्री उत्पादों की दुकानों को बंद कराया गया और वहां रखे चिकन आदि जब्त किए गए। खजराना क्षेत्र से 30 और आजाद नगर क्षेत्र से 22 चिकन जब्त किए गए।

जिला प्रशासन के आदेश पर अगले हफ्तेभर तक रोज यह अभियान चलाया जाएगा। जिन-जिन क्षेत्रों में पोल्ट्री उत्पादों की दुकानें हैं, वहां निगम स्वास्थ्य विभाग का अमला जाकर कार्रवाई करेगा। डॉ. यादव ने बताया कि जब्त मुर्गे-मुर्गियों को नष्ट करने के लिए ट्रेंचिंग ग्राउंड भिजवाया गया है। वहां उन्हें मारकर वैज्ञानिक पद्धति से नष्ट किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि मूसाखेड़ी क्षेत्र में बर्ड फ्लू मिलने के बाद नगर निगम और पशुपालन विभाग ने गुरुवार रात संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आजाद नगर और मूसाखेड़ी क्षेत्र की सात दुकानों को सील कर दिया था। क्षेत्र की तीन दुकानों से लिए गए सात सैंपल में एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि हुई थी। उसी के बाद शुक्रवार को भी अलग-अलग इलाकों में इस तरह की कार्रवाई की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button