April 20, 2024

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर टिकी निगाहें

नतीजों ने भाजपा नेताओं की हैसियत पर लगाए प्रश्नचिन्ह

रतलाम,25 फरवरी(इ खबरटुडे)। जिला पंचायत के सौलह वार्डो के लिए हुए चुनावों की आखरी मतगणना का काम आज समाप्त हो गया। नतीजों से जो तस्वीर उभरकर आ रही है,उसके मुताबिक दोनों ही प्रमुख पार्टियां स्पष्ट बहुमत से दूर है। हांलाकि भाजपा के दो बागी चुनाव जीते हैं और यदि वे पार्टी के साथ गए तो अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा को आसानी होगी। अध्यक्ष पद का चुनाव 9 मार्च को होगा। नतीजों ने भाजपा नेताओं की हैसियत पर भी सवाल खडे कर दिए है।
जिला पंचायत के चुनावों की अधिकारिक घोषणा तो 28 फरवरी को की जाएगी,लेकिन आज हुई मतगणना के बाद जो तस्वीर उभर कर आई है,उसने स्थितियों को साफ कर दिया है। नतीजों के मुताबिक भाजपा और कांग्रेस दोनो के ही छ:-छ: प्रत्याशी चुनाव जीते है। दो पदों पर जद यू के प्रत्याशी जीते,जबकि भाजपा के दो बागियों ने भी चुनाव में सफलता हासिल की है। यदि भाजपा के दो बागी जिपं सदस्य अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के साथ जाते है,तो भाजपा के पास कुल आठ मत हो जाएंगे। लेकिन अध्यक्ष पद के लिए कुल नौ मतों की आवश्यकता है।
चुनाव नतीजों ने रोचक स्थितियां भी बनाई है। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद आदिवासी के लिए आरक्षित है। भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार मोतीलाल निनामा तो चुनाव हार गए,लेकिन रतलाम के वार्ड क्र.4 से भाजपा के आदिवासी प्रत्याशी परमेश मईडा चुनाव जीत गए है। अब दोनो ही पार्टियों के पास अध्यक्ष पद के लिए आदिवासी सदस्य मौजूद है।
जिला पंचायत चुनाव ने नेताओं की जमीनी हैसियत को भी सामने ला खडा किया है। सैलाना क्षेत्र में भाजपा की विधायक होने के बावजूद जिला पंचायत की एक भी सीट भाजपा नहीं ले पाई। वहीं रतलाम क्षेत्र की चार सीटों में से भाजपा को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली है।  रतलाम ग्रामीण के विधायक मथुरालाल डामर इस जीत का श्रेय लेने को तत्पर है। लेकिन जिला मुख्यालय पर भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं विधायक चैतन्य काश्यप व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित समेत तमाम बडे नेता होने के बावजूद चार में से सिर्फ एक सीट पर जीत मिलना तमाम बडे नेताओं की हैसियत पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता शंकरलाल पाटीदार के वार्ड क्र.1  में ही भाजपा को करारी हार का सामना करना पडा है। यहां से कांग्रेस के डीपी धाकड चुनाव जीते है। इसके विपरित जावरा क्षेत्र में भाजपा को पर्याप्त सफलता मिली है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाला संघर्ष निश्चित रुप से रोचक होगा। जिला पंचायत में पिछली बार भाजपा का कब्जा था,लेकिन इस बार भाजपा अपना कब्जा कायम रख पाएगी या नहीं? सभी की निगाहें इस पर लगी है।
जिला पंचायत के विजयी प्रत्याशी
वार्ड क्र.1-डीपी धाकड-कांग्रेस
वार्ड क्र.2-रुकमिणी बाई -कांग्रेस
वार्ड क्र.3-कलाबाई पारगी-कांग्रेस
वार्ड क्र.4-परमेश मईडा-भाजपा
वार्ड क्र.5-भंवरसिंह- भाजपा (बागी)
वार्ड क्र.6-प्रताप सिंह-भाजपा
वार्ड क्र.7- अंतर बाई -कांग्रेस
वार्ड क्र.8-बालाराम पाटीदार-भाजपा
वार्ड क्र.9-रुकमिणी हाडा-भाजपा
वार्ड क्र.10-भेरुलाल गोयल-भाजपा
वार्ड क्र.11-आशा नागर-भाजपा (बागी)
वार्ड क्र.12-चांदनी जैन-भाजपा
वार्ड क्र.13-कमल देवदा-कांग्रेस
वार्ड क्र.14-कविताभगौरा- जदयू
वार्ड क्र.15-प्यारीबाई डिंडोर-कांग्रेस
वार्ड क्र.16-नारायण मईडा -जदयू

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds