March 29, 2024

मुख्य सचिव ने जाने सिंहस्थ निर्माणों के हाल

800 करोड़ के प्रस्तावों को मंजूरी, विभागों का प्रजेंटेशन देखा, 6 घंटे चली बैठक

उज्जैन,28 अक्टूबर (इ खबरटुडे)। मुख्य सचिव अन्टोनी डिसा ने सिंहस्थ-2016 के निर्माणों के हाल जाने हैं। प्रजेंटेशन के माध्यम से उन्होंने सिंहस्थ की सभी तैयारियों को भोपाल में बैठकर सिरे से जानकारी हासिल की है। सिंहस्थ से सीधे-सीधे जुड़े विभागों के प्रजेंटेशन उनके सम्मुख किये गये। 6 घंटे चली बैठक में विभागों के प्रमुख सचिवों की उपस्थिति में करीब 800 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है।
सिंहस्थ-2016 के लिये मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अध्यक्षता में हाल ही में हुई बैठक में विभागीय स्तर पर मेला कार्यालय की ओर से 1251 करोड़ के प्रस्ताव रखे गये थे। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों पर मुख्य सचिव को जांच के उपरांत स्वीकृति देने के लिये अधिकृत किया था। इस पर मुख्य सचिव ने सोमवार को विभागीय प्रमुख सचिव एवं उज्जैन संभागायुक्त डॉ. रविन्द्र पस्तौर, कलेक्टर कविन्द्र कियावत, मेला अधिकारी अविनाश लवानिया की उपस्थिति में बैठक रखते हुए प्रस्तावों का अनुमोदन लिया। इससे पूर्व बैठक में मुख्य सचिव ने सिंहस्थ के काम कर रहे बड़े विभागों का प्रजेंटेशन देखा। इसमें विभागों के निर्माणाधीन कार्य और प्रस्तावों की जानकारी रखी गई थी। इस तरह से मुख्य सचिव ने सिंहस्थ-2016 की तैयारियों के वास्तविक स्वरुप को जाना। इस दौरान फ्रीगंज में नये ओवरब्रिज सहित अनेक प्रस्तावों पर स्वीकृति मिलने की सूत्र जानकारी दे रहे हैं। बैठक में प्रमुख सचिव स्तर पर ही प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि बैठक में मुख्य सचिव ने 800 करोड़ के प्रस्तावों पर स्वीकृति दी है। इसके साथ ही बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया है कि काम समय पर पूरे किये जायें और डेड लाइन बनाकर कार्यों को किया जाये।

बातचीत में ही भूखंड धारक अधिग्रहण को तैयार

हरिफाटक ओव्हर ब्रिज की गधा पुलिया साइड की भुजा (आर्म) के चौड़ीकरण की बाधा दूर करने के लिये सोमवार को साइट पर संभागायुक्त डॉ. रविन्द्र पस्तौर ने स्टेण्डअप मीटिंग ली। पुल की भुजा के चौड़ीकरण के लिये चार रहवासियों के भूखण्ड एवं मकान का अधिग्रहण होना है। अधिग्रहण की बाधा दूर करने के लिये संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने जमीन एवं मकान मालिकों से बातचीत की। बातचीत उपरान्त उक्त भूखण्डधारक सहर्ष अपने मकान एवं जमीन देने को तैयार हो गये। संभागायुक्त ने सभी को उचित मुआवजा दिये जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कलेक्टर कविन्द्र कियावत, मेला अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त अविनाश लवानिया सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। स्टेण्डअप मीटिंग के दौरान पानी की पाईप लाईन स्थानान्तरित करने तथा पट्टेधारियों द्वारा किये गये अतिमण को तत्काल हटाने एवं वर्तमान स्थिति की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds