April 20, 2024

मजदूरों से भरा भार वाहन टायर फटने से पलटा, चार की मौत

दो दर्जन गंभीर घायल, 6 इंदौर रैफर,59 मजदूर भरे थे वाहन में

उज्जैन,09 जनवरी(इ खबरटुडे)। जिला मुख्यालय से करीब 90 कि.मी. दूर रुणिजा सतरुंडा मार्ग पर पेट्रोलपंप के पास मंगलवार पूर्वान्ह मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन टायर फटने से पलट गया। इस दुर्घटना में एक महिला, एक पुरुष सहित एक बच्चे की घटनास्थल पर मौत हो गई। बाद में एक अन्य पुरुष की मौत अस्पताल में हुई। वाहन में 59 मजदूर सवार थे, जो रतलाम जिले के बिरमावल से बटले तोड़ने की मजदूरी के लिए उज्जैन जिले के रुणिजा, भाटपचलाना बड़नगर इंगोरिया क्षेत्र में आ रहे थे।

मंगलवार सुबह बड़नगर तहसील के भाटपचलाना थाना अंतर्गत यह दुर्घटना हुई। टीआई अमित भाभौर के अनुसार लोडिंग पिक-अप वाहन में59 मजदूरों को लेकर ड्राईवर बिरमावल से बड़नगर तहसील के लिए निकला था। सतरुंडा से रुणिजा के बीच पेट्रोलपंप के नजदीक वाहन का टायर फट गया। इस कारण से वाहन पलटी खा गया और सड़क के नजदीक ही गढ्डे में जा गिरा। दुर्घटना में स्थल पर ही अंकित 14 वर्ष, कन्हैयालाल 50 वर्ष, सुनीताबाई 52 वर्ष की मौत हो गई।
असंतुलित वाहन के पलटी खा जाने से उसमें सवार मजदूर बुरी तरह से घायल हुए। इससे घटनास्थल पर कोहराम मच गया। ग्रामीणों की मदद के चलते तत्काल ही पुलिस और एम्बुलैंस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों ने मदद करते हुए घायलों को निकाला और बड़नगर अस्पताल के लिए तत्काल लेकर रवाना हुए। गंभीर घायलों में से 24 को उज्जैन रैफर किया गया था।इनमें से शंभूलाल55 ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिनमें से 6 को दोपहर उपरांत उज्जैन से इंदौर रैफर किया गया।

 

गम्भीर घायलों में कुछ की हालत चिन्ताजनक बनी हुई है। दुर्घटना में पिक-अप वाहन का चालक भी घायल हुआ है। जिसे बड़नगर अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। घटना की जानकारी लगने पर कलेक्टर संकेत भोंडवे के साथ अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया ओर अस्पताल में घायलों से मुलाकात की ,उपचार के समुचित प्रबंध भी देखे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds