April 19, 2024

जिले में संजीवनी 108 की सेवाएं प्रारंभ

अस्पताल में कांग्रेस के विरोध के बाद,कंट्रोल रुम पर अधिकारियों ने ही कर दिया शुभारंभ

रतलाम,17 अप्रैल(इ खबरटुडे)। दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने वाली संजीवनी 108 सेवा के तहत जिले को मिले 8 एम्बुलैंस वाहनों के लोकार्पण को लेकर आज खासा विवाद हुआ। पहले यह लोकार्पण नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री मनोहर उंटवाल जिला चिकित्सालय में करने वाले थे,लेकिन वहां कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। मंत्री जी कार्यक्रम स्थल पर नहीं पंहुचे। बाद में शाम को कलेक्टर व एसपी ने कंट्रोल रुम पर इस सेवा का शुभारंभ कर दिया।

उल्लेखनीय है कि संजीवनी 108 सेवा के तहत जिले को कुल आठ वाहन मिले है। इन वाहनों को लोकार्पित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आज सुबह जिला चिकित्सालय परिसर में समारोह आयोजित किया था। इस समारोह में नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री मनोहर उंटवाल,महापौर शैलेन्द्र डागा,आरडीए अध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी और वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत कोठारी को अतिथि के रुप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम शुरु होने के पहले ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.राजेश शर्म के नेतृत्व में अनेक कांग्रेस नेता अस्पताल में पंहुच गए और आयोजन का विरोध करने लगे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि उक्त सेवा केन्द्र द्वारा दीगई राशि से प्रारंभ हो रही है ऐसे में इस तरह के समारोह में केन्द्र सरकार के प्रतिनिधि के रुप में सांसद को आमंत्रित किया जाना चाहिए।

 कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर भी आपत्ति दर्ज कराई कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कांगेस को पूरी तरह दरकिनार किया और यहां तक कि कांग्रेस के निर्वाचित विधायकों तक को इस समारोह में नहीं बुलवाया गया। कांग्रेस के नेताओं ने इस मामले में सीएमएचओ डॉ पुष्पेन्द्र शर्मा को जमकर खरी खोटी भी सुनाई। कांग्रेस के इस बवाल के बीच ही इस आयोजन को यह कहकर रद्द कर दिया गया कि नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री की माताजी का स्वास्थ्य खराब हो जाने से वे समारोह में आने में असमर्थ है।
कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष विमल छिपानी,महिला नेत्री कोमल धुर्वे,यास्मीन शैरानी, बाबू भाई काजी समेत अनेक नेता मौजूद थे। हांलाकि अधिकारिक तौर पर मंत्री जी की अनुपस्थिति को ही कार्यक्रम रद्द करने का कारण बताया गया।
 बाद में शाम को जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं ही स्थानीय कंट्रोल रुम पर एक सादे समारोह का आयोजन कर संजीवनी सेवा का शुभारंभ कर दिया।
 संजीवनी सेवा का शुभारंभ
रतलाम जिले में गंभीर मरीजों एवं दुर्घटना में घायलों को निकटस्थ अस्पतालों में पहुंचाने के लिए संजीवनी-108वाहनों की सेवाएं प्रारंभ हो गई है।जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे आठ वाहन नागरिकों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आज कलेक्टर राजीव दुबे,पुलिस अधीक्षक डा.जी.के.पाठक,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.पुष्पेन्द्र शर्मा,सिविल सर्जन डा.दीप व्यास एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  गौरव तिवारी की उपस्थिति में पुलिस कन्ट्रोल रूम से संजीवनी-108 वाहनों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। संजीवनी वाहन के एसोसिएट पार्टनर डा.रईस खान ने बताया कि संजीवनी वाहन की सेवाएं मध्यप्रदेश सरकार एवं राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत पीपीपी मोड में संचालित की जाएंगी। संजीवनी वाहन दिन-रात 24घंटे नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेंगे।इससे गंभीर मरीजों एवं दुर्घटना में घायलों को निकटस्थ अस्पतालों में पहुंचाने की सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। जननी एक्सप्रेस की अनुपलब्धता पर संजीवनी-108 व्दारा भी गर्भवती माताओं को अस्पताल पहुंचाने की सुविधा दी जाएगी।
कलेक्टर श्री राजीव दुबे ने बताया कि जिले के लिए संजीवनी-108 के 8 वाहन प्राप्त हुए हैं। इनमें पीसीआर वेन जिला मुख्यालय पर दोबत्ती थाने पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा अन्य संजीवनी 108 वाहनों को जावरा,सैलाना,आलोट,नामली,ताल,बाजना तथा रावटी के पुलिस थानों पर रखा जाएगा। 108 नम्बर पर सूचना प्राप्त होते ही उक्त वाहन तत्काल सेवा के लिए रवाना होंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds