April 20, 2024

प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस का फ्लॉप शो

कलेक्टोरेट में आयोजित धरने में आए गिनती के कार्यकर्ता
रतलाम,8 फरवरी (इ खबरटुडे)। मासूम बालिकाओं और महिलाओं के साथ हो रहे बलात्कार का विरोध करने के लिए कांग्रेस द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया की मौजूदगी के बावजूद फ्लाप शो ही साबित हुआ। धरने में कांग्रेस के जिले भर के नेताओं के अलावा कार्यकर्ता पूरी तरह नदारद रहे।

भोपाल में एक छोटी बालिका का क्षतविक्षत शव मिलने के बाद कांग्रेस ने स्थानीय स्तर पर धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। इस धरना प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया विशेष रुप से मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री भूरिया की उपस्थिति के बावजूद कांग्रेस के गिने चुने कार्यकर्ता ही धरना स्थल पर पंहुचे।
जिले भर के नेता आए
कांग्रेस के इस फ्लॉप शो की एक खासियत यह रही कि इस प्रदर्शन में जिले के कई नेता एक साथ नजर आए। धरना स्थल पर जहां वरिष्ठ नेता खुर्शीद अनवर मौजूद थे,वहीं अल्पसंख्यक नेता याहया खान भी पहली बार नजर आए। रतलाम ग्रामीण की विधायक लक्ष्मी देवी खराडी व जनपद अध्यक्ष द्वारका पालीवाल भी धरने में शामिल हुए,हांलाकि ग्रामीण अध्यक्ष कोमल धुर्वे धरने में नहीं थी। सैलाना के बागी नेता हर्षविजय गेहलोत भी धरना स्थल पर मौजूद थे।
धामनोद वासियों ने बढाई संख्या
कलेक्टोरेट में बनाए गए धरना स्थल के सामने कांग्रेस के गिने चुने लोग ही मौजूद थे। दूसरी ओर धामनोद के कुछ लोग गोरधन सागर तालाब को लेकर ज्ञापन देने आए थे। ज्ञापन  देने के बाद ये लोग भी कांग्रेस के धरना स्थल पर आ गए। इनके आने के बाद धरना स्थल पर मौजूद लोगों की संख्या तीन अंकों तक पंहुच पाई।
राज्य सरकार की खिंचाई
धरना स्थल पर मौजूद पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है और पूरा प्रदेश माफिया की गिरफ्त में है। महिलाएं सुरक्षित नहीं है और अपहरण और बलात्कार के मामले बढ रहे है। उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता त्राहि त्राहि कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार को उखाड फेंकेगी। जब श्री भूरिया से पूछा गया कि वे आन्दोलन में आए कार्यकर्ताओं की संख्या से संतुष्ट है,उन्होने कहा कि मुद्दा संख्या का नहीं है,बल्कि विरोध करने का है। धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री भूरिया व अन्य नेताओं ने भी राज्य सरकार की जमकर खिंचाई की।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds