6 जुलाई से बूथ स्तर पर चलेगा भाजपा का सदस्यता अभियान

रतलाम,04जुलाई (इ खबरटुडे)।भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में 10 करोड़ सदस्य बनाकर आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। लोकसभा के चुनाव में लगातार दुसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत प्राप्त कर भाजपा ने इतिहास रचा है। पार्टी के प्रति सबका विश्वास बढ़ा है। पार्टी को और विस्तारित करने के लिए सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। इससे जन-जन तक पार्टी की पहुंच बनेगी।यह बात विधायक चेतन्य काश्यप ने सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित भाजपा के तीनों मंडलों की बैठकों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रतलाम जिले में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कर जो रिकार्ड बनाए हैं। सदस्यता अभियान में भी ऐसे ही परिणाम देकर रतलाम जिला नया इतिहास बनाएगा।
इन बैठकों में जिला सदस्यता अभियान प्रभारी शैलेन्द्र डागा ने सदस्यता अभियान की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 6 जुलाई से बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलेगा। इसमें बूथ पर दर्ज मतदाताओं की संख्या से 25 प्रतिशत से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी का सदस्य बनने के लिए एन्ड्राईड फोन से 8980808080 पर मिस्ड काल करना होगा जबकि अन्य फोन से 8980789807 पर मेसेज भेजना होगा।
सदस्य बनने वाले व्यक्ति से फार्म भी भराए जाएंगे जिसमें नाम, पता एवं पिन कोड लिखना होगा। बूथ स्तर पर अभियान के लिए वार्डवार समितियां बन चुकी है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए पार्टी नेताओं को बूथ पर 25 सदस्य बनाने होंगे। 6 एवं 7 जुलाई को बूथ एवं मंडल स्तर पर प्रमुख लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया जाएगा। उसके साथ ही 11 अगस्त तक सभी बूथों पर अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 21 से 30 जुलाई के बीच सदस्यता सप्ताह मनाकर पार्टी द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ एवं मोर्चा भी अभियान संचालित करेंगे। भाजपा सूरजमल जैन मंडल एवं दीनदयाल मंडल की बैठक रंगोली सभा गृह में हुई जबकि मुखर्जी मंडल की बैठक वैशाली गार्डन में आयोजित की गई।