
धर्मस्थल पर बिना अनुमति निर्माण का हिन्दूवादी संगठनों ने किया विरोध
रतलाम,१८ अगस्त(इ खबरटुडे)। नगर निगम भवन के बाहर स्थित एक धर्मस्थल पर बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को शनिवार शाम करीब पांच बजे हिन्दूवादी संगठनों के विरोध के बाद प्रशासन ने रुकवा दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान उपजे विवाद से तनाव की स्थिति बन गई थी,लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
उल्लेखनीय है कि विगत ८ अगस्त को भी इसी स्थान पर बिना अनुमति निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था,जिसे निगम और प्रशासन के अमले द्वारा रुकवा दिया गया था। इसके बाद आज उक्त धर्मस्थल पर फिर से निर्माण सामग्री एकत्रित करके निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। इस बात की खबर मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता वहां एकत्रित हो गए। निर्माण कार्य के विरोध में हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम दिनेश चन्द्र सिंघी,सीएसपी गजेन्द्रसिंह वर्धमान,नगर शिल्पज्ञ सलीम खान तहसीलदार संजय वाघमारे मौके पर पंहुच गए। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाया साथ ही निर्माण के लिए लाइ गई सामग्री को जब्त कर लिया गया।