October 5, 2024

जरूरतमंदों की मंशानुसार योजनाओं का क्रियान्वयन जरूरी : मुख्यमंत्री कमल नाथ

मुख्यमंत्री ने किया आईएएस ऑफीसर्स मीट का शुभारंभ

भोपाल,18जनवरी(इ खबर टुडे)। मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आज यहाँ कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय आईएएस ऑफीसर्स मीट का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंदों की मंशा के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना वर्तमान समय की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि सफलता और संतुष्टि में बहुत अंतर होता है। किसी पद को प्राप्त करने की सफलता संतुष्टि का आधार नहीं होती। संतुष्टि सफल परिणामों से मिलती है। सफलता किसी पद पर बने रहने तक रहती है, जबकि संतुष्टि सारा जीवन साथ चलती है।

विविधता का संरक्षण सबसे बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि सम्पूर्ण विश्व भारत को उसकी अनेकता में एकता की ताकत के लिये देखता है, आर्थिक और सैनिक शक्ति के लिये नहीं। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे बड़ी खूबी सहनशीलता है, जो चन्द्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक के समय से विद्यमान है।

हमें गर्व होना चाहिये कि हम ऐसे देश के नागरिक हैं, जहाँ अनेक धर्म, जाति, परम्पराएँ, भाषाएँ विद्यमान हैं। दुनिया में कोई ऐसा अन्य राष्ट्र नहीं है। हमारा पहनावा भी भौगोलिक बदलाव के साथ बदल जाता है। हमारी विविधता और अनेकता ही हमारी शक्ति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती है।

नव-निर्माण के लिये संकल्पित और समर्पित हों अधिकारी
श्री कमल नाथ ने कहा कि तेजी से बदलते विश्व की चुनौतियों के साथ देश और प्रदेश का नव-निर्माण करना समय की माँग है। इसके अनुरूप ही हम सबको मिलकर, संकल्पित और समर्पित होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सेवा के स्वरूप में परिवर्तन के साथ-साथ आम जनता की अपेक्षाओं में भी बदलाव हुआ है। वैश्विक स्तर पर नाटो का स्वरूप बदला है। अब गुटनिरपेक्ष जैसे आंदोलनों की चर्चा नहीं होती।

ऑफिसर्स मीट एक अच्छी पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑफिसर्स मीट एक अच्छी पहल है। इससे वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों को अनौपारिक वातावरण में मिलने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा सबसे अधिक व्यापक और विविधता से परिपूर्ण है। किसी अन्य सेवा की तुलना में यहाँ कार्यक्षेत्र का विस्तार अधिक है। प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को सम्पूर्ण सेवाकाल में अलग-अलग कार्यक्षेत्र में सेवा करने का अनुभव मिलता है, जबकि अन्य सेवाओं में ऐसा नहीं है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds