April 30, 2024

कांग्रेस ने भाजपा से छीनी गुरदासपुर सीट, सुनील जाखड़ 1,93,219 वोटों से जीते

चंडीगढ़ 15 अक्टूबर (ई खबर टुडे)। पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है और कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने 1,93,219 वोटों से भारी जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने भाजपा के स्वर्ण सलारिया को 1,93,219 मतों से हरा दिया है।

इस सीट पर इससे पहले सबसे बड़ी जीत भाजपा के विनोद खन्ना की थी। 2014 के चुनाव में उन्होंने 1 लाख 36 हजार 65 मतों से कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा को हराया था। कांग्रेस के दफ्तरों के बाहर चार दिन पहले ही दीवाली जैसा नजारा है। गुरदासपुर से लेकर चंडीगढ़ तक पटाखे फोड़े जा रहे हैं, अबोहर में सुनील जाखड़ के घर भी जश्न का माहौल है।

आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सेवानिवृत्त मेजर जनरल सुरेश खजूरिया की जमानत जब्त हो गई है। खजूरिया ने कांग्रेस सरकार पर धक्केशाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि ईवीएम में आप का बटन खराब था, कांग्रेस ने विरोधियों को वोट डालने ही नहीं दिया।

उल्लेखनीय है कि फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के कारण यहां उपचुनाव करवाया गया है। भाजपा की टिकट पर विनोद खन्ना लगातार तीन बार सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2009 के चुनाव में वे कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा से हार गए थे लेकिन 2014 के चुुनाव में उन्होंने बाजवा को हराया था।

पूरे देश में आएगा ऐसा ही नतीजा, कांग्रेस की जीत की शुरुआत –
सुनील जाखड़ ने कहा कि इस जीत का श्रेय कांग्रेस नेतृत्‍व और पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अम‍रिंदर सिंह को है। मेरा तो केवल बस नाम है असली जीत तो कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने भी कांग्रेस को वेाट दिया। यही सिलसिला पूरे देश में शुरू होने वाला है। यह देश में कांग्रेस की जीत की शुरूआत है। पूरे देश में इसी तरह के नतीजे सामने आएंगे और राहुल गांधी को 2019 में देश का प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में कदम है।

जाखड़ की जीत राहुल को पंजाब से दिवाली गिफ्ट –
पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह ने जाखड़ की जीत को दिवाली का उपहार बनाया। पंजाब की जनता ने इस जीत से कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी को दिवाली का गिफ्ट दिया है। उन्‍होंने इस दौरान अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर भी कड़े हमले किए। उन्‍हाेंने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की इस भारी जीत से पंजाब में भाजपा और अकाली दल की कमर टूट गई है।

शी सुनील जाखड़ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के स्‍वर्ण सलरिया से लगातार आगे चल रहे हैं। सुनील जाखड़ गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से करीब 7000 मतों से आगे रहे। पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में सुनील जाखड़ तीन राउंड के बाद 8039 वोट आगे हैं। पहले राउंड में भाजपा को 2662 और कांग्रेस को 3992 वोट मिले। दूसरे राउंड में भी कांग्रेस आगे रही। इस राउंड में भाजपा काे 2424 और कांग्रेस को 3051 मत मिले हैं। भोआ विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस आगे है। यहां पहले राउंड में भाजपा को 3559 आैर कांग्रेस 4276 मिले। आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवार सुरेश खजूरिया काफी पीछे चल रहे हैं।

गुरदासपुर लोकसभा हलके में कुल नौ विधानसभा हलके आते हैं। रिटर्निग अधिकारी गुरलवलीन सिंह ने बताया कि मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना हुई और इसके बाद ईवीएम से वोटों कर गिनती शुरू हुई। गुरदासपुर सीट पर उपचुनाव भाजपा सांसद विनोद खन्‍ना के निधन के कारण हो रहा है।

भाजपा के टिकट पर विनोद खन्ना लगातार तीन बार सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2009 के चुनाव में वह कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा से हार गए थे लेकिन 2014 के चुुनाव में उन्होंने करीब सवा लाख मतों के अंतर से बाजवा को हराया था।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds