सौलह में से 12 सदस्य पंहुचे मतदान करने,4 सदस्य अनुपस्थित
रतलाम,21 जून(इ खबर टुडे)। जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर पिछले कई दिनों से जारी उहापोह आज जिला पंचायत उपाध्यक्ष दशरथ आंजना के त्यागपत्र से कुछ अंशों में समाप्त हो गई। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही श्री आंजना ने जिपं के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। इधर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए भाजपा के बागी सदस्यों समेत कुल बारह लोग मतदान करने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पंहुचे। जिला प्रशासन ने कलेक्टोरेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात करते हुए पूरे परिसर की किलेबन्दी की है।
संभागायुक्त को जिला पंचायत के तेरह सदस्यों द्वारा सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव के बाद प्रशासन ने मतदान के लिए 21 व 22 जून की तिथियां निर्धारित की थी। आज जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होना था। भाजपा के तमाम नेता आधी रात के बाद तक संकट से निपटने की रणनीति बनाते रहे लेकिन भाजपा के बागी शंकर लाल पाटीदार व उनके साथ गए अन्य सदस्य किसी तरह से राजी नहीं हुए। आखिरकार सुबह संगठन के नेताओं ने उपाध्यक्ष दशरथ आंजना को मतदान से पहले त्यागपत्र देने को कहा।
उधर कलेक्टोरेट परिसर में भारी पुलिस बल के साथ किलेबन्दी की गई थी। प्रशासन ने कलेक्टोरेट परिसर को पूरी तरह बन्द कर दिया था। पत्रकारों को भी परिसर से बाहर रखा गया। ठीक पौने ग्यारह बजे कांग्रेस नेता वीरेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस व भाजपा के बागी सदस्य कलेक्टोरेट परिसर पर पंहुचे। गेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने प्रत्येक सदस्य के मतदाता परिचय पत्र देखकर उन्हे भीतर प्रवेश दिया। परिसर के मुख्य गेट के बाहर बडी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। महिला सदस्यों के पतियों को भी भीतर प्रवेश नहीं दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता राजमल जैन उपाध्यक्ष दशरथ आंजना और दो सदस्य बैठक से अनुपस्थित रहे।
पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि उपाध्यक्ष दशरथ आंजना के त्यागपत्र देने के कारण अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान नहीं कराया जाएगा,लेकिन प्रशासन ने विशेष बैठक के लिए घोषित एजेण्डा पूरा करने का निर्णय लिया। समाचार लिखे जाने तक जिला पंचायत के बारह सदस्य कलेक्टोरेट सभाकक्ष के भीतर मौजूद थे और अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की तैयारियां की जा रही थी। अध्यक्ष पद के अविश्वास प्रस्ताव पर शनिवार को मतदान होगा।